बंगरा मार्ग पर रफ्तार का कहर, आमने–सामने भिड़ीं दो बाइकें; दो युवक घायल

Blog

 

 

राघवेन्द्र शर्मा उरई (जालौन)। बंगरा मार्ग पर सुढार बंबा के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने–सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा–तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक सवार बंगरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे एक बाइक चालक ने अचानक मोड़ लिया। पीछे आ रही बाइक को संभलने का मौका नहीं मिला और तेज भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक घायलों की पहचान अंशुल कुमार (निवासी ग्राम सिरसादोगढ़ी) और रविंद्र कुमार (निवासी ग्राम मझीड) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। छिरिया सलेमपुर मलिकपुरा चौकी प्रभारी अजीत सिंह शर्मा एवं एसआई सुरेश चंद्र यादव ने हालात का जायजा लेते हुए यातायात को सुचारू कराया। एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जालौन में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। लगातार बढ़ रहे हादसे, लोग चिंतित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जालौन–बंगरा मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और अचानक मोड़ लेना हादसों की बड़ी वजह बन रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *