सोनू करबरिया की रिपोर्ट
नरैनी (बांदा),I
चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त श्री अजीत कुमार द्वारा तहसील नरैनी में आयोजित ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ के अवसर पर जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। इस दौरान प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस के उपरांत आयुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नरैनी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में स्वच्छता की कमी, ड्यूटी रोस्टर का सार्वजनिक प्रदर्शन न होना तथा भवन की जर्जर स्थिति जैसी खामियां पाई गईं। शौचालयों की गंदगी और कुछ स्थानों पर टूटी टाइल्स पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

समाधान दिवस के दौरान कुल 40 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें प्रमुख रूप से पेंशन स्वीकृति, बिजली बिल संशोधन, परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज कराने एवं निर्माण संबंधी मामलों की शिकायतें शामिल रहीं। आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण तीन दिवस के भीतर सुनिश्चित किया जाए तथा इसकी रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए।
आयुक्त ने दोहराया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित समाधान और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
