राघवेन्द्र शर्मा उरई जालौन (झांसी)। भीड़भाड़ वाले बाजारों में पर्स और जेवरात पर हाथ साफ करने वाली जालौन की शातिर चोरनी को आखिरकार जनता की सतर्कता ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। उत्तर प्रदेश के झांसी शहर के सर्राफा बाजार इलाके में सक्रिय इस महिला की पहचान सीसीटीवी फुटेज के जरिए हुई और मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बुर्के की आड़ में करती थी वारदात
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला बुर्का पहनकर भीड़भाड़ वाले बाजारों में घूमती थी और मौका मिलते ही महिलाओं के पर्स से नकदी व जेवरात पार कर देती थी। उसकी खासियत यह थी कि वारदात इतनी सफाई से करती थी कि पीड़ित को काफी देर तक चोरी का अहसास ही नहीं होता था।
लेकिन कहते हैं कि अपराध चाहे कितना भी शातिर तरीके से किया जाए, एक दिन उसका पर्दाफाश होना तय है। आज जब वह झांसी के सर्राफा बाजार में नए शिकार की तलाश में थी, तभी एक व्यक्ति ने उसे पहचान लिया। इसके बाद लोगों ने उसे घेर लिया और पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
सीसीटीवी से हुई पहचान
स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, बाजार में हुई पिछली चोरियों की घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थीं। फुटेज के आधार पर महिला की पहचान की गई। पकड़े जाने के बाद पुलिस ने तलाशी ली तो उसके पास से करीब 40 हजार रुपये के चोरी के जेवरात और नकदी बरामद हुई।
जालौन की रहने वाली है आरोपी
पूछताछ में महिला ने अपना नाम रुखसार पत्नी इरफान, निवासी मोहल्ला मुरली मनोहर, जामा मस्जिद के पास, कस्बा जालौन, जिला जालौन बताया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
जनता की सतर्कता बनी मिसाल
इस घटना ने यह साबित कर दिया कि जागरूक नागरिक ही अपराध पर सबसे बड़ी चोट हैं। यदि बाजारों में इसी तरह सतर्कता बरती जाए तो ऐसे शातिर अपराधियों पर जल्द ही लगाम लगाई जा सकती है।
