शिव शर्मा की रिपोर्ट
स्टेशन मुढीपार। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला स्टेशन मुढीपार में शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों को साइकिल एवं पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा नए शैक्षणिक सत्र का उत्साहपूर्वक स्वागत करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मोहनिस कुमार धनकर, जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 12 उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में सरपंच मीना बाई साहू एवं सरपंच प्रतिनिधि गांधी राम साहू शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यार्थियों को साइकिल एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य दिलीप वर्मा, उप प्राचार्य योगराज साहू, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया गया।
शाला परिवार ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
