ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन में मंगलवार को बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ चेयरमैन प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, नगर अध्यक्ष अभिनय राजावत, सभासद ललित शुक्ला, यश पटेल,एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समस्त चिकित्सा अधिकारी एवं स्टाफ मौजूद रहा।
बाल स्वास्थ्य पोषण माह बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से चलाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण अभियान है। इसके अंतर्गत 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों तथा गर्भवती एवं धात्री माताओं को आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह अभियान 10 जून से प्रारंभ होकर एक माह तक संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में कुपोषण की पहचान एवं रोकथाम करना, नियमित वजन एवं ऊंचाई मापकर उनके विकास की निगरानी करना, विटामिन-ए एवं आयरन की खुराक उपलब्ध कराना, टीकाकरण को बढ़ावा देना तथा माताओं को संतुलित आहार एवं स्तनपान के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के तहत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, कुपोषित बच्चों की पहचान एवं परामर्श, पोषण एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता कार्यक्रम, आयरन, फोलिक एसिड एवं विटामिन-ए का वितरण तथा टीकाकरण जैसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
वक्ताओं ने कहा कि बाल स्वास्थ्य पोषण माह बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे कुपोषण, एनीमिया एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं को कम करने में सहायता मिलती है तथा स्वस्थ और सशक्त भविष्य की नींव मजबूत होती है।
