तहसील परिसर मे प्यासे फरियादी, वाटर कूलर बने शोपीस

Blog

ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

 

0-भीषण गर्मी में तहसील परिसर की पेयजल व्यवस्था बेपटरी, ठंडे पानी के लिए भटक रहे फरियादी

 

जालौन। भीषण गर्मी के बीच जालौन तहसील परिसर में पेयजल व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है। तहसील परिसर में लगे वाटर कूलर या तो बंद पड़े हैं या फिर ठंडे पानी के बजाय गर्म पानी दे रहे हैं, जिससे तहसील आने वाले फरियादियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।तहसील परिसर में मौजूद रमेश चन्द्र कुशवाहा, मुल्लू तथा राजेश मंगल ने बताया कि वह तहसील अपनी समस्या को लेकर बुधवार को आये थे, जब उन्हे प्यास लगी तो वह परिसर मे लगे वाटर कूलर के पास गये जो खराब था पता चला कि यह पिछले कई दिनों से खराब है। गर्मी मे गले को तर करने के लिये लोग ठंडे पानी की उम्मीद मे इधर उधर भागते हैं, लेकिन उन्हें निराश होकर बाजार से बिसलेरी या अन्य पैक्ड पानी खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि तहसील जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था न होना चिंता का विषय है।

बताया जाता है कि तहसीलदार कार्यालय के समीप लगा वाटर कूलर ठंडे पानी के बजाय गर्म पानी दे रहा है, जबकि उप जिलाधिकारी कार्यालय के पास लगा वाटर कूलर लंबे समय से बंद पड़ा है। इससे प्रतिदिन आने वाले सैकड़ों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिस स्थान पर आम जनता अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर आती है, वहां पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़ा करता है। लोगों ने मांग की है कि खराब पड़े वाटर कूलरों की तत्काल मरम्मत कराकर उन्हें चालू कराया जाए, ताकि भीषण गर्मी में तहसील आने वाले लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *