डग्गामार वाहनों पर रोक लगाने की मांग, बस ऑपरेटरों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन*

Blog

 

    ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

जालौन। न्यू बुन्देलखण्ड बस ऑपरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं बस संचालकों ने बुधवार को उपजिलाधिकारी जालौन रिकूं सिंह को ज्ञापन देकर शेरगढ़ घाट (औरैया) और जगम्मनपुर मार्ग पर अवैध रूप से संचालित डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि एसोसिएशन के सदस्य उरई से शेरगढ़ घाट (औरैया) वाया जालौन तथा उरई से जगम्मनपुर तक स्थायी परमिट के तहत नियमित रूप से बसों का संचालन करते हैं और नियमानुसार प्रत्येक माह यात्री कर भी जमा करते हैं। इसके बावजूद उक्त मार्गों पर टैम्पो और ऑटो जैसे डग्गामार वाहन अवैध रूप से सवारियां ढो रहे हैं।

बस संचालकों का आरोप है कि जब बस स्टाफ इन वाहनों के चालकों को ऐसा करने से मना करता है तो वे लड़ाई-झगड़े पर आमादा हो जाते हैं, जिससे बस संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में डग्गामार वाहनों के संचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। ज्ञापन पर रज्जू महाराज, शैलेन्द्र कुमार, शिशुपाल, शैलेन्द्र यादव, गोविन्द, विवेक यादव तथा सैयद सरबर अली सहित कई बस संचालकों के हस्ताक्षर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *