अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा, । बांदा मिनी ओलंपिक के प्रथम चरण में गुरुवार को विभिन्न खेलों के मुकाबले रोमांच और उत्साह के बीच संपन्न हुए। इंडोर वालीबाल हाल में कबड्डी के जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबलों का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी न्यायिक माया शंकर यादव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मदन मोहन वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी एवं डिप्टी कलेक्टर अंकित वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान, रामेंद्र शर्मा, डा. इन्द्रवीर सिंह, सुनील सक्सेना, गजराज सिंह,,शिवकुमार गुप्ता,विप्रांश यादव, कमल यादव व प्रकाश पाण्डेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सब जूनियर कबड्डी के रोमांचक मुकाबले में जेएन योद्धा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जेएन कॉलेज को 24-18 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। वहीं जूनियर बालक वर्ग में भागवत प्रसाद इंटर कॉलेज बांदा ने अतर्रा की कबड्डी टीम को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 32-24 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में कृषि विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए भागवत प्रसाद इंटर कॉलेज को 39-16 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
*स्कीपिंग रोप में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम*
स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्कीपिंग रोप प्रतियोगिता भी रोमांचक माहौल में संपन्न हुई। खिलाड़ी एक-दूसरे को कड़ी चुनौती देते नजर आए। जूनियर बालक वर्ग में राज सिंह ने स्वर्ण तथा आदर्श निषाद ने रजत पदक जीता। सीनियर बालक वर्ग में आदित्य राय ने स्वर्ण और रक्षित देशवाल ने रजत पदक हासिल किया। सीनियर बालिका वर्ग में कृत्यांजलि साहू ने स्वर्ण तथा अनामिका ने रजत पदक जीता। जूनियर बालिका वर्ग में अर्चना ने स्वर्ण और सोनाक्षी ने रजत पदक अपने नाम किया।
*ताइक्वांडो और बैडमिंटन में भी दिखा खिलाड़ियों का कौशल*
भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी में ताइक्वांडो के विभिन्न वर्गों के मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक और कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया। इस अवसर पर रामेन्द्र शर्मा, सुनील सक्सेना, संध्या कुशवाहा, कल्पना कमल मौजूद रहे।
वहीं स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन के मुकाबले भी संपन्न हुए। खिलाड़ियों ने शानदार स्मैश, डिफेंस और कोर्ट कवरेज से अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
हार्पर क्लब में टेबल टेनिस के वेटरन वर्ग के मुकाबले खेले गए। उम्रदराज खिलाड़ियों ने भी अपने अनुभव का परिचय देते हुए जबरदस्त अटैक और डिफेंस का तालमेल दिखाया और अगले चक्र में प्रवेश किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में शब्बीर अहमद जुगनू, विजय पाल सिंह यादव, शानू खान, नाजनी खान, रितू गुप्ता, रेशमा राजपूत, खुशबू प्रजापति, प्रवीण पाण्डेय, वकार अहमद, गोविन्द, भुवी, राहुल शुक्ला, विक्रम कुमार, फरजाना, भानु प्रताप सिंह, महेश गर्ग, शिवप्रताप सिंह चंदेल, अमिता कुशवाहा, सुघर सिंह आदि ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
बैडमिंटन मुकाबलों का संचालन जिला बैडमिंटन एसोसिएशन बांदा के सचिव काजी जमीर , कबड्डी मुकाबलों का संचालन जिला कबड्डी एसोसिएशन बाॅंदा के सचिव कमल यादव तथा ताइक्वांडो मुकाबलों का संचालन उपक्रीड़ा अधिकारी कल्पना कमल ने किया। कार्यक्रम का संचालन जिला ओलंपिक एसोसिएशन बांदा के महासचिव डा. इन्द्रवीर सिंह ने किया।