ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। नगर तथा तहसील क्षेत्र की मस्जिदों में ईद उल अजहा (बकरीद) की नमाज प्रशासन की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में अदा की गई। विकासखंड कुठौंद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सिरसा कलार की जामा मस्जिद में प्रभारी खंड विकास अधिकारी सतीश चंद्र वर्मा एवं थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण प्रताप सिंह की मौजूदगी में गुरुवार सुबह 7:30 बजे ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई।
नगर की सभी मस्जिदों में भी स्थानीय प्रशासन की निगरानी में नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान उपजिलाधिकारी रिंकू सिंह, क्षेत्राधिकारी शैलेन्द्र बाजपेई, कोतवाल हरिशंकर चंद्र सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर उलेमाओं ने ईद उल अजहा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम ने अल्लाह की रजा के लिए तमाम कुर्बानियां पेश कीं। जब अल्लाह ने उनकी सबसे प्रिय चीज की कुर्बानी मांगी तो उन्होंने अपने पुत्र हजरत इस्माइल अलैहिस्सलाम को कुर्बान करने का संकल्प लिया। अल्लाह के हुक्म से फरिश्तों ने हजरत इस्माइल की जगह दुम्बा रख दिया और उनकी कुर्बानी को कबूल किया। तभी से मुस्लिम समाज में तीन दिनों तक कुर्बानी का सिलसिला जारी है।
नमाज के बाद लोगों ने देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। उपस्थित मुस्लिम समाज के लोगों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
