पुलिस भर्ती परीक्षा को शुचितापूर्ण सम्पन्न कराने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

Blog

 

 अनिल कुमार प्रभाकर  की रिपोर्ट

उरई, जालौन : अपर पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा उ0प्र0 पुलिस भर्ती प्रोन्नत्ति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से चेकिंग/फ्रिस्किंग ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की गई। इस दौरान परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देश स्पष्ट रूप से बताए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने ब्रीफिंग के दौरान निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी-अपनी ड्यूटी को पूरी सतर्कता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाएं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की प्रवेश से पूर्व सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री परीक्षा केंद्र के अंदर न ले जाई जा सके। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने यह भी कहा कि सभी कर्मी समय से पूर्व अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लें और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं। परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था को रोकना प्राथमिकता होनी चाहिए।

अंत में अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी ड्यूटी में लगे कर्मियों को अनुशासन, सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त करते हुए परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *