*47 डिग्री की तपती दोपहर में 4 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान

Blog

 

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा।      भीषण गर्मी और 47 डिग्री तापमान की तपती दोपहर में जहां लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे थे, वहीं समाजसेवा और मानवता के प्रति समर्पित चार रक्तवीरों ने आगे बढ़कर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान कर मानवता की अद्भुत मिसाल पेश की। सर्वर्स ऑफ लाइफ ब्लड डोनेशन नेटवर्क के माध्यम से चार गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उन्हें नया जीवन देने का कार्य किया गया।

कैलाश हॉस्पिटल के डॉ. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि उनके अस्पताल में भर्ती एक कैंसर पीड़ित मरीज का ऑपरेशन होना है, जिसके लिए अतिरिक्त रक्त की तत्काल आवश्यकता थी। परिवार द्वारा एक यूनिट रक्त एक्सचेंज के माध्यम से ब्लड बैंक से प्राप्त किया गया था, जबकि दूसरी यूनिट की आवश्यकता को देखते हुए संस्था के ग्रुप में तत्काल सूचना साझा की गई। सूचना मिलते ही श्री सौरभ दमेले ने बिना देर किए जिला अस्पताल ब्लड बैंक पहुंचकर मरीज संध्या के लिए रक्तदान किया।

इसी क्रम में दूसरा रक्तदान स्वपनिल सोमैया ने किया, जिन्होंने अपना पांचवां रक्तदान कर जिला अस्पताल में कार्यरत एक्स-रे टेक्नीशियन रवि खरे, जो स्वयं कैंसर से पीड़ित हैं, की सहायता की।

तीसरा रक्तदान शादाब अहमद ने अपना 24वाँ रक्तदान विक्रम चाइल्ड केयर हॉस्पिटल में भर्ती तीन वर्षीय मासूम जानवी के लिए रक्तदान कर संवेदनशीलता और सेवा भाव का परिचय दिया।

वहीं चौथा रक्तदान अरुण ज्योत्साचार्य ने 75 वर्षीय अनवर खान के लिए कर समाज में मानवता और परोपकार की मिसाल कायम की।

रक्तदान के दौरान संस्था के अध्यक्ष सलमान खान, महासचिव सुनील सक्सेना, शादाब अहमद उपाध्यक्ष, जुनैद सिद्दीकी एवं सचिव अभय सिंह भी उपस्थित रहे और सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

संस्था ने सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए आमजन से अपील की है कि वे भी आगे आकर रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में सहभागी बनें, ताकि रक्त की कमी के कारण किसी भी जरूरतमंद की जान न जाए। समाज सेवा का यह प्रेरणादायक प्रयास न केवल मानवता का संदेश देता है, बल्कि दूसरों के जीवन में उम्मीद की नई किरण भी जगाता है।

*,”ना जाति ना धर्म मानवता समाज सेवा है सर्वर्स ऑफ लाइफ का कर्म”*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *