नाहरगढ(तुलसीराम राठौर)— श्री हनुमानजी जन्मोत्सव पर नाहरगढ़ नगर में आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। नगरवासियों की श्रद्धा के केंद्र श्री नानक्या बाग हनुमान जी मंदिर में आगामी हनुमान जन्मोत्सव को इस वर्ष अत्यंत भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन समिति के अनुसार, 2 अप्रैल को नगर के प्रत्येक घर में रंगोली सजाई जाएगी और दीप प्रज्वलित कर उत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। इसी दिन मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
उत्सव की विशेष आकर्षण भव्य चल समारोह रहेगा, जिसमें दो प्रमुख डीजे, ढोल-नगाड़ों की गूंज और आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। भगवान श्री हनुमान जी की शानदार रथ यात्रा पूरे नगर में निकाली जाएगी। इस अवसर पर महिलाएं और युवतियां पारंपरिक एवं सनातनी वेशभूषा में सज-धज कर उत्साहपूर्वक भाग लेंगी, जिससे समारोह की शोभा और भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम का समापन 3 अप्रैल को प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होने वाले विशाल भंडारे के साथ होगा। इस भंडारे में नाहरगढ़ नगर के समस्त नगरवासियों ने तन, मन और धन से बढ़-चढ़कर योगदान दिया है ।
नगर में इस आयोजन को लेकर अपार उत्साह देखा जा रहा है और आयोजकों का मानना है कि यह उत्सव नाहरगढ़ के इतिहास में एक यादगार अध्याय के रूप में दर्ज होगा।
