जनपद की टीबी मुक्त घोषित हो चुकी कुल 18 ग्राम पंचायतें जिलाधिकारी द्वारा महात्मा गाँधी की प्रतिमा एवं प्रमाणपत्र से हुईं सम्मानित*

Blog

    अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत संचालित राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एन०टी०ई०पी) के अन्तर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी बाँदा जे० रीभा की अध्यक्षता में जनपद की टीबी मुक्त घोषित हो चुकी कुल 18 ग्राम पंचायतों को महात्मा गाँधी की प्रतिमा एवं प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया । जिलाधिकारी महोदया ने कार्यक्रम का प्रारम्भ करते हुए प्रधानों को सम्मानित किया एवं अन्य प्रधानों से इन पंचायतों से प्रेरणा लेकर अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाये रखने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों को आज कॉस्य एवं रजत प्रतिमा से सम्मानित किया जा रहा है उनको अब स्वर्ण के लिये प्रयास करना चाहिये।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० विजेन्द्र सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि टी०बी० ऐसी संक्रामक बीमारी है जो कि एक-दूसरे के सम्पर्क से फैलती है इसलिये इस बीमारी के लक्षण दिखते ही तुरन्त चिकित्सा इकाइयों पर जाकर बलगम की जाँच करानी चाहिये। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा ‘देश को वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त किये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था जो कि अभी पूरा नहीं हुआ है अतः इस बीमारी से ग्रसित व्यक्तियों को शर्म-संकोच छोड़कर टीबी का पूरा इलाज लेना चाहिये। उन्होंने उपस्थित ग्राम प्रधानों से कहा कि जिस प्रकार हमने चेचक एवं पोलियो की बीमारी पर विजय पाई है उसी प्रकार अब टीबी को भी समाप्त करने के लिये एकजुट होना है।

जिला क्षय रोग अधिकारी डा० अजय कुमार ने बताया कि मा० प्रधानमन्त्री जी टी०बी० रोग को समाप्त करने के संकल्प के दृष्टिगत ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त पाये जाने पर प्रत्येक वर्ष महात्मा गाँधी की प्रतिमा से सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष जनपद की कुल 469 ग्राम पंचायतों में से 18 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त पाया गया है। जिसमें से जसपुरा ब्लाक की ग्राम पंचायत मडौलीकला को लगातार तीसरे वर्ष टीबी मुक्त ग्राम पंचायत पाये जाने पर महात्मा गाँधी की स्वर्ण कलर की प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया जबकि 02 ग्राम पंचायतों तनगामऊ एवं उजरेहटा को रजत कलर की प्रतिमा एवं अन्य 15 ग्राम पंचायतों पारा बन्नूबेगम, उमरी, बडेहा स्योढ़ा, भरसौड, पतौरा, पौन्डरा, तेरा, भांटी, इटर्रा बडीनी, जोरावरपुर, नहरी, पिपरा, बिछवाही, छापर एवं जमुवा को कांस्य कलर की प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जा रहा है।

विश्व क्षयरोग दिवस के कार्यक्रमों की श्रृंखला में सायं 5 बजे जनपद गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में आयोजित कार्यक्रम में मा० केन्द्रीय मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय भारत सरकार द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान के अन्तर्गत 100 दिवसीय अभियान, टीबी मुक्त भारत ऐप तथा टीबी मुक्त अर्बन वार्ड पहल का शुभारम्भ किया गया जिसमे जनपद के जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी, अपरजिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला क्षयरोग अधिकारी सहित क्षय रोग विभाग के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रतिभाग किया जबकि अन्य चिकित्सा अधिकारियों, बी०पी०एम० सी०एच०ओ०, आशाओं आदि के द्वारा सम्बन्धित चिकित्सा इकाइयों पर वर्चुअल माध्यम से जुड़कर कार्यक्रम में सहभागिता की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *