राघवेन्द्र शर्मा उरई (जालौन)। जालौन जनपद के कोटरा थाना में आगामी होली पर्व को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। 26 फरवरी, गुरुवार को हुई इस बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विमलेश कुमार ने की।
बैठक में होलिका दहन स्थलों पर विस्तार से चर्चा हुई। बताया गया कि कोटरा कस्बे में लगभग पांच स्थानों पर होलिका दहन होता है। आसपास के गांवों के ग्राम प्रधानों ने भी अपने-अपने गांवों में परंपरागत होलिका दहन की जानकारी दी।
थाना प्रभारी विमलेश कुमार ने सभी उपस्थित लोगों से होली का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसएसआई नन्नेलाल, अधिशासी अधिकारी उमाकांत सिंह, पूर्व अध्यक्ष मूलचंद बुधौलिया, एडवोकेट जितेंद्र बिहारी सक्सेना, राजेश रखोलिया, सैदनगर प्रधान सीता रामपाल, सीकरी व्यास प्रधान शिवराम सिंह सहित विभिन्न गांवों के प्रधान और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
प्रशासन होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क है।।
