,, राघवेन्द्र शर्मा ,, अभिवादन एक्सप्रेस
रामपुरा (जालौन)। जनपद के बीहड़ क्षेत्र जगम्मनपुर–रामपुरा मार्ग पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के उरई डिपो की तीन बसों का संचालन अब 20 प्रतिशत कम किराये पर किया जाएगा। यह व्यवस्था मुख्यमंत्री जनता सेवा के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से लागू की गई है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, लखनऊ के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सरकारी बसों के किराये में 20 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इसी क्रम में उरई डिपो से रामपुरा–जगम्मनपुर मार्ग पर चलने वाली तीन बसों को कम किराये पर संचालित किया जा रहा है। उरई डिपो के एआरएम कमल किशोर आर्य ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जाने वाली सरकारी बसों का किराया घटाया गया है, जिससे यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। यदि बस स्टाफ द्वारा किसी प्रकार की अभद्रता की जाती है तो बस में अंकित अधिकारियों के मोबाइल नंबरों पर शिकायत की जा सकती है, जिस पर संबंधित स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एआरएम ने यात्रियों से अपील की कि वे बस में यात्रा के दौरान परिचालक से अनिवार्य रूप से टिकट प्राप्त करें, क्योंकि टिकट के माध्यम से यात्री बीमा की सुविधा उपलब्ध होती है और किसी दुर्घटना की स्थिति में उसका लाभ यात्री को मिलता है।
बताया गया कि उरई डिपो द्वारा रामपुरा–जगम्मनपुर मार्ग पर संचालित तीनों बसें प्रतिदिन निर्धारित समय पर रवाना हो रही हैं।
