सुशील कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
संवाददाता बांदा ।अधिशाषी अभियंता, निर्माण खण्ड-1, लोक निर्माण विभाग, बांदा द्वारा अवगत कराया गया है कि बांदा–नरैनी–कालिंजर मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-113) के किलोमीटर 42 पर स्थित बागेन नदी के दीर्घ सेतु पर अनुरक्षण कार्य प्रगति पर है। सेतु की बियरिंग एवं एक्सपेंशन ज्वाइंट बदले जाने का कार्य किया जाना है, जिसके कारण सेतु पर यातायात को अस्थायी रूप से बंद करना आवश्यक है।
जिलाधिकारी बांदा के निर्देशन में जनहित एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उक्त सेतु से गुजरने वाले समस्त भारी वाहनों का आवागमन दिनांक 21 दिसम्बर 2025 से 09 जनवरी 2026 तक पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। वहीं हल्के वाहनों का आवागमन प्रातः 09:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। नरैनी से कालिंजर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए नरैनी–अतर्रा–बदौसा–बघेलाबारी होते हुए कालिंजर की ओर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि दिनांक 21.12.2025 से उक्त पुल से गुजरने वाले सभी भारी वाहनों को अनिवार्य रूप से वैकल्पिक मार्ग से ही गुजारा जाए। प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को आदेश के कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
