राघवेन्द्र शर्मा की रिपोर्ट
उरई।(जालौन)। कदौरा गांवों में इन दिनों घना कोहरा और कड़ाके की ठंड लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। सुबह और देर शाम को कोहरे की चादर इतनी घनी छा जाती है कि कुछ कदम आगे देख पाना भी कठिन हो जाता है। ठंडी हवाओं के साथ गिरते तापमान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।
कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे आवागमन में दिक्कतें बढ़ रही हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों और मजदूरों को खास परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खेतों में काम करने वाले किसान देर से निकल रहे हैं, वहीं कई जगहों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है।
ठंड से बचाव के लिए ग्रामीण अलाव का सहारा ले रहे हैं। सुबह-शाम लोग आग तापते नजर आ रहे हैं। बुजुर्गों और छोटे बच्चों में सर्दी, खांसी और बुखार जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने ठंड में सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी रह सकता है। ऐसे में ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुरक्षा उपाय अपनाने की जरूरत है।
