राघवेंद्र शर्मा की रिपोर्ट
– बीस दिन पहले गोहन थाना क्षेत्र के नाले में मिली थी लाश।
– लकड़ियां बीनने के लिए घर से गई थी अधेड़ महिला।
गोहन (जालौन) 12 दिसंबर। करीब 20 दिन पहले गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडऊ के पास निकले नाले में 56 वर्षीय महिला का शव मिला था। संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत होने की चर्चा थी लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला घोंटकर हत्या करना आई थी। इसके अलावा मृतका के पुत्र ने भी हत्या की आशंका जताई थी। जिसके बाद गोहन पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। हत्या के इसी मामले में 20 दिन बाद गोहन पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना के बारे में मालूम हो कि गोहन थाना क्षेत्र के गांव जैतपुरा निवासी पंचायत मित्र बृजेन्द्र कुमार की मां मझली देवी (56) का शव बीस नवम्बर को कुंडऊ निवासी रवीन्द्र के खेत के पास से निकले नाले में मिला था। मृतका के पुत्र ने हत्या की आंशका को लेकर मामला दर्ज कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की बात सामने आई थी। अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने मामले के खुलासे को लेकर टीम गठित की थी। गोहन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आज कुंडऊ निवासी अभियुक्त लालू पुत्र ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी लालू ने जुर्म इकबाल करते हुए बताया कि 5-6 महिलाएं लकड़ी बीन रहीं थीं तभी लालू ने महिला शशि से लकड़ी बीनने के लिए कहा था और उसके एवज में रुपये देने की बात कही थी। इस पर उसके साथ मौजूद मझली देवी ने लालू को गाली गलौज देकर कहा था कि अपनी अम्मा और बहन को लकड़ी बीनने भेजो, मैं तुम्हें रुपये दूंगी। इससे लालू उससे नाराज हो गया था। 20 नवम्बर को मझली जब अकेली लकड़ी बीन रही थी तो लालू ने उस दिन वाली गाली गलौज पर तंज कस दिया। जिस पर मझली फिर गाली देने लगी। इसी गुस्से में उसने मझली की गला दबा दिया।जिससे वह जमीन पर गिरकर मर गई। इसके बाद लालू मौके से भाग गया। गोहन एसओ सतीश कुमार कुशवाहा का कहना है कि अभियुक्त लालू के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही की गई है और जेल भेज दिया गया है।
