*विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 से अधिक बीएलओ व अधिकारियों को मिलेगा सम्मान : कलेक्टर रणबीर शर्मा*

Blog

 

 

लोकेंद्र भुवाल की रिपोर्ट

*बेमेतरा, ।     कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रणबीर शर्मा के निर्देशन में जिले में निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर 2026) का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर–घर जाकर मतदाताओं को गणना पत्रक (ऐनुमैरेशन फॉर्म ) वितरित कर रहे हैं, उन्हें सही तरीके से भरवा कर पुनः एकत्र कर रहे हैं तथा प्राप्त पत्रकों का शीघ्र डिजिटाइजेशन सुनिश्चित कर रहे हैं। जिले में चल रहा यह अभियान राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत संवेदनशील कार्य है, जिसके निर्विघ्न संचालन हेतु प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा ने बताया कि एसआईआर-2026 अभियान को समय-सीमा के भीतर, पूर्ण सटीकता के साथ और उत्कृष्ट गुणवत्ता में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है। इस योजना के तहत जिले के कम से कम 50 बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइज़र और अभिहित अधिकारियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उच्च गुणवत्ता वाले कार्य, समय पर फॉर्म संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन तथा शत-प्रतिशत सत्यापन जैसे मानकों पर आधारित होगा।
प्रशासन द्वारा घोषित प्रोत्साहनों में शामिल हैं, 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मुख्य कार्यक्रम में जिला स्तरीय सम्मान एवं प्रशस्ति पत्र, उत्कृष्ट कार्य हेतु नगद प्रोत्साहन राशि, गिधवा (नांदघाट) बर्ड सेंचुरी का प्रेरणादायी भ्रमण, बीएलओ के लिए अलसी के जैकेट तथा महिला अधिकारियों के लिए कोसा की साड़ी, सपरिवार स्थानीय थिएटर में मूवी टिकट, जिले के प्रसिद्ध रेस्टोरेंट/होटल में सपरिवार लंच कूपन, मेगा हेल्थ कैंप में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच व हेल्थ कार्ड वितरण तथा उत्कृष्ट बीएलओ के आंगनबाड़ी केन्द्र को मॉडर्न आंगनबाड़ी केन्द्र के रूप में विकसित किए जाने की विशेष सुविधा |
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि इन प्रोत्साहन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य बीएलओ व संबंधित अधिकारियों को और अधिक प्रेरित करना है, ताकि एसआईआर-2026 अभियान को समय-सीमा के भीतर, अत्यधिक गति और 100% गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा सके। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का अद्यतन कार्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है, इसलिए यह आवश्यक है कि जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही और अद्यतन रूप से शामिल हो। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता व सत्यापन कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि बेमेतरा जिला राज्य और देश में एसआईआर-2026 के सफल एवं उत्कृष्ट क्रियान्वयन का मॉडल बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *