0- कैथ में सजा देवी मंदिर, पुजारी सुनील श्रीवास्तव के सानिध्य में ग्रामीणों के सहयोग से हो रहा नवरात्रि जागरण
बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। शारदीय नवरात्रि के तीसरे दिन मंगलवार को देवी भक्तों ने मां दुर्गा के तृतीय स्वरूप मां चंद्रघंटा की श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना की। सुबह होते ही नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक देवी मंदिर घंटी-घड़ियाल की ध्वनि और ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठे। भक्तों ने माता रानी को रोली, चंदन, पुष्प आदि अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
नगर के प्रसिद्ध बड़ी माता एवं छोटी माता मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। नवरात्रि पर्व को लेकर मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। वहीं नगर में जगह-जगह सजाए गए देवी पंडालों में विराजमान मां दुर्गा की प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना के लिए भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी नवरात्रि की धूम दिखाई दे रही है। खनुआ सहित आसपास के गांवों के देवी मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर मां चंद्रघंटा की आराधना की। कैथ स्थित देवी मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। यहां पुजारी सुनील श्रीवास्तव के सानिध्य में ग्रामीणों के सहयोग से नवरात्रि जागरण किया जा रहा है। सुबह से ही मंदिर में पूजा-अर्चना और माता के दर्शन का क्रम चलता रहा।
नवरात्रि के चलते नगर से लेकर गांवों तक वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। देवी मंदिरों और पंडालों में दिनभर माता रानी के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने मां चंद्रघंटा से सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद मांगा