सुशील कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
बांदा। बांदा जनपद में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब सवारियों से भरी एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गुरेह गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस में लगभग आधा सैकड़ा यात्री सवार थे। दुर्घटना में कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल बांदा भेजा गया। वहीं कुछ यात्री बस में फंसे हुए थे, जिन्हें पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बस की स्टेरिंग फेल होने के कारण बताया जा रहा है। बताया गया कि बस तेज रफ्तार में थी, तभी वह सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जिले में दौड़ रहीं मानकविहीन व अनफिट गाड़ियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए, क्योंकि ऐसे वाहन सड़कों पर दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।
