सुशील कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
बहेरी (महुआ):
ग्राम पंचायत बहेरी में आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला का आयोजन बड़े ही उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन कुमार जैन द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान अमर सिंह एवं विशिष्ट अतिथि विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा समिति ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पेन्द्र यादव, पशु चिकित्सक डॉ. रविकांत, डॉ. सुरेश बाबू राजपूत ने संयुक्त रूप से गौ माता का पूजन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में डॉ. सचिन कुमार जैन द्वारा उपस्थित पशुपालकों के पशुओं की निःशुल्क जांच, इलाज एवं दवा वितरण किया गया। साथ ही उन्होंने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, टीकाकरण कार्यक्रमों और पशु स्वास्थ्य संबंधित सरकारी सुविधाओं के बारे में ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी दी।
पशु आरोग्य मेले में बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे और उन्होंने पशु चिकित्सा विभाग द्वारा प्रदान की गई सुविधाओं का लाभ उठाया।
ग्राम प्रधान अमर सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्र में पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पशुपालन को लाभकारी बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।
