रिपोर्ट सोनू करवरिया
नरैनी (बांदा), 6 सितम्बर।
अनंत चतुर्दशी के शुभ अवसर पर नरैनी नगर का वातावरण गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा। नगर के विभिन्न पंडालों में विराजमान गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। भक्तगण ढोल-नगाड़ों की थाप, डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए बांदा रोड स्थित नहर कोठी विसर्जन स्थल तक पहुंचे।
विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति आरती की और प्रसाद वितरण कर धार्मिक माहौल को और भव्य बना दिया। पूरे कार्यक्रम में गगनभेदी जयकारों और भक्तिमय गीतों की गूंज से नगर का कोना-कोना गणेशमय हो गया।
इस अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस प्रशासन ने पूरे मार्ग पर मोर्चा संभाला और विसर्जन स्थल पर विशेष सतर्कता बरती ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न घट सके।
नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी तथा कर्मचारी विसर्जन स्थल पर मौजूद रहे। उन्होंने आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत किया और लगातार पानी से दूरी बनाए रखने की अपील करते हुए सावधानी बरतने का एलान करते रहे।
गणेश विसर्जन के साथ ही श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष पुनः गणपति बप्पा के आगमन की मंगल कामना करते हुए उत्सव का समापन किया।
