कौशल किशोर विश्वकर्मा की रिपोर्ट-
तिंदवारी (बांदा)। बीजेपी एकमात्र दल है, जो अपनी पार्टी के संविधान के अनुसार अक्षरश: लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अपने कार्य का विस्तार कर रहा है और जन-सामान्य की आशा, आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए अपने आप को निरंतर योग्य बनाता रहता है।
भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान के अवसर पर तिंदवारी कस्बे में अभियान को चार चांद लगाने पहुंचे प्रदेश सरकार के जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने आम जन को संबोधित करते हुए उक्त उद्गार व्यक्त किया। उन्होंने आगे कहा कि आज सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए हमारे कार्यकर्ता घर घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं । भारतीय जनसंघ से लेकर अब तक हमने देश में एक नई राजनीतिक संस्कृति लाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि हम वो लोग हैं जिन्होंने दीवारों पर कमल पेंट किया। लेकिन इतनी श्रद्धा से पेंट किया था कि हमें विश्वास था कि दीवारों पर पेंट किया हुआ कमल कभी न कभी दिलों पर भी पेंट हो जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हमेशा हमारा कुछ लोग मजाक उड़ाते रहे हैं। जब देश की संसद में हमारे दो सदस्य थे, तब भी इतना भद्दा मजाक हमारे लिए उड़ाया गया। कुछ लोगों का चरित्र ही ऐसा होता है। उन लोगों को लगता है कि ऐसा करने से वो बड़े बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि देशवासियों की आकांक्षाओं की उड़ान को नई ऊंचाई देने के लिए हम कृतसंकल्प हैं। राष्ट्रीय सदस्यता अभियान 2024 में भाग लेते हुए मुझे बहुत गर्व का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना से काम हो रहा है। पार्टी बहुत सहन करके यहां तक पहुंची है, हम आलोचनाओं को झेलते हुए आगे बढ़े हैं। सदस्यता अभियान के जिला प्रभारी संतोष गुप्ता ने प्रत्येक बूथ में कम से कम 200 सदस्य बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी से पूरे मनोयोग से जुटने का आह्वान किया। पंचायत प्रकोष्ठ जिला संयोजक राजनारायण द्विवेदी ने कहा कि तिंदवारी विधानसभा सदस्यता अभियान में आगे रहेगा। हम अपने कार्यकर्ताओं के साथ हर जगह पहुंच कर इस अभियान को परवान चढ़ाएंगे। मंडल अध्यक्ष अनूप तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री बृजेंद्र सिंह पटेल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अजय प्रताप सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि रमेश चंद्र साहू, मतौंध चेयरमैन सुधीर सिंह, जिला मीडिया प्रभारी आनन्द स्वरूप द्विवेदी, कार्यालय प्रभारी दिलीप गुप्ता,सैनिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक राजू सिंह फौजी, भिडौरा प्रधान शिवनायक सिंह, धौसड प्रधान बल्लू सरदार, जौहरपुर प्रधान धर्मेन्द्र सिंह,किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार शुक्ला, अतुल सिंह, अतुल दीक्षित,आलोक मिश्रा, बृजमोहन द्विवेदी,सुधीर गर्ग, सुंदर सिंह परिहार, आर्या गोस्वामी, संगम शुक्ला आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।