शिव शर्मा की रिपोर्ट
*
मोहला, । कर्नाटक के बेलगावी जिले में मजदूरी के लिए गए और भुगतान नहीं होने के कारण फंसे छत्तीसगढ़ एवं महाराष्ट्र के 25 श्रमिकों को जिला प्रशासन मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की त्वरित पहल से सुरक्षित रेस्क्यू कराया गया है। प्रशासन के प्रभावी हस्तक्षेप और अंतर्राज्यीय समन्वय से न केवल सभी श्रमिकों की सुरक्षित वापसी का मार्ग प्रशस्त हुआ, बल्कि उनकी लंबित मजदूरी की पूरी राशि 42 हजार 960 रुपए का भुगतान भी मौके पर कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मोहला अंतर्गत ग्राम रामगढ़ क्षेत्र के 21 छत्तीसगढ़ी एवं महाराष्ट्र के 4 श्रमिक कर्नाटक के बेलगावी जिले के कित्तूर तालुका में गन्ना कटाई के कार्य के लिए गए थे। श्रमिकों को 15 दिनों में मजदूरी भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन काम पूरा करने के बावजूद उन्हें मजदूरी नहीं मिली और वे वहां फंस गए थे। इसकी सूचना मिलते ही कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे एवं एसडीएम मोहला सुश्री शुभांगी गुप्ता ने नायब तहसीलदार श्री दिनेश कुमार के नेतृत्व में श्रम निरीक्षक श्री प्रमोद यादव एवं एएसआई श्री भूपेंद्र ठाकुर को शामिल करते हुए विशेष अंतर्राज्यीय रेस्क्यू दल गठित किया। दल को तत्काल कर्नाटक के बेलगावी जिले के लिए रवाना किया गया। 27 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ से पहुंचे रेस्क्यू दल ने बेलगावी जिला प्रशासन के राजस्व, श्रम एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने कित्तूर तालुका के ग्राम शिवनूर स्थित गन्ने के खेतों में पहुंचकर जांच की, जहां सभी 25 श्रमिक सुरक्षित पाए गए। संयुक्त टीम ने श्रमिकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित खेत मालिक से बकाया मजदूरी का भुगतान कराने की कार्रवाई की। प्रभावी हस्तक्षेप के बाद कार्य दिवसों की गणना कर कुल 42 हजार 960 रुपए की संपूर्ण बकाया मजदूरी कित्तूर पुलिस थाना परिसर में ही श्रमिकों को दिलाई गई। मजदूरी मिलने के बाद श्रमिकों ने संतोष व्यक्त किया। इसके पश्चात सभी श्रमिकों को उनकी स्वेच्छा से गृह ग्राम लौटने के लिए जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी सुरक्षित लाया गया।
इस अभियान में बेलगावी जिला प्रशासन, जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त, नोडल अधिकारी, अपर जिला दंडाधिकारी, सहायक आयुक्त, राष्ट्रीय बाल श्रम परियोजना एवं श्रम विभाग के अधिकारियों तथा स्थानीय पुलिस प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। जिला प्रशासन ने सभी सहयोगी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
*- श्रमिकों के मोहला पहुंचने पर अपर कलेक्टर ने किया आत्मीय स्वागत*
कर्नाटक के बेलगावी जिले से सुरक्षित रेस्क्यू कर लाए गए छत्तीसगढ़ एवं महाराष्ट्र के 25 श्रमिकों के जिला मुख्यालय मोहला स्थित थाना पहुंचने पर अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों से उनका हालचाल जाना और सुरक्षित वापसी की जानकारी ली। श्रमिकों ने जिला प्रशासन की त्वरित पहल और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। प्रशासन ने सभी श्रमिकों को सकुशल उनके गृह ग्राम पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की।