*शिकायत और अर्जी नहीं, हर स्थिति में प्रभु की रजा स्वीकारना ही सच्ची भक्ति है : इंद्रेश जी महाराज*

           अभिवादन एक्सप्रेस

   अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा, ।
संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान, बांदा के तत्वावधान में पं. जे.एन. कॉलेज मैदान में चल रही पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा के चौथे दिन रविवार को आस्था, भक्ति और समर्पण का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। व्यास पीठ से पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज ने महर्षि वामदेव की तपस्थली बांदा और चित्रकूट की पावन परिधि को नमन करते हुए संत श्री सूरदास जी के जीवन चरित्र को आगे बढ़ाया। पंडाल में उमड़े भारी जनसैलाब को देखकर गदगद हुए महाराज जी ने कहा कि आजकल कई लोग मान बैठे हैं कि सनातन कमजोर हो गया है, लेकिन बांदा में बिना किसी चमत्कार या टोना-टोटका के केवल स्वच्छंद कथा सुनने के लिए हजारों युवाओं, माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं की यह उपस्थिति सिद्ध कर रही है कि सनातन आज भी पूरी बुलंदी पर है। उन्होंने बताया कि सोमवार (30 नवंबर) को पांच दिवसीय कथा का विश्राम दिवस होगा।


चतुर्थ दिवस की कथा में महाराज जी ने सामान्य मानव और सच्चे भक्त के बीच का सूक्ष्म अंतर स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि सामान्य मनुष्य हर समय प्रभु से शिकायत करता है और नित नई अर्जी लगाता रहता है, जबकि सच्चा भक्त और प्रेमी हर परिस्थिति में भगवद कृपा का अनुभव करता है। भक्त का भाव होता है, “न कोई शिकायत न कोई अर्जी, कर लो करा लो प्रभु जो है तेरी मर्जी।” उन्होंने कहा कि उत्तर भारत और बुंदेलखंड के लोग मंदिरों और पीपल के वृक्षों पर बहुत अर्जियां लगाते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे केवल एक महीने के लिए प्रभु से कुछ मांगना बंद कर दें और प्रतिदिन प्रातःकाल गोस्वामी तुलसीदास जी की इस चौपाई का पाठ करें, “जेहि विधि नाथ होय हित मोरा, करहु सुबेगि दास मैं तोरा।”
भलाई की सच्ची परिभाषा समझाते हुए महाराज जी ने कहा कि लोग तीन मंजिला मकान, प्रॉपर्टी, अच्छी खेती-बाड़ी और धन-संपदा को ही अपनी भलाई मान बैठते हैं, जबकि वास्तविक भलाई यह है कि एक मिनट के लिए भी मन से हरि का स्मरण न छूटे। उन्होंने सचेत किया कि केवल लक्ष्मी का स्मरण करने वाला रावण कहलाता है, इसलिए प्रत्येक क्षण राम का स्मरण करना चाहिए। मनुष्य को अपनी ओर से पूर्ण परिश्रम और कर्म करना चाहिए, लेकिन फल ठाकुर जी पर छोड़ देना चाहिए कि वे वही दें जिससे जीव प्रभु के समीप जा सके।
कथा के दौरान विधान परिषद सदस्य बाबूलाल तिवारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर खाटू श्याम मंडल के सदस्यों ने विधिवत व्यास पीठ की पावन आरती उतारी। महाराज जी ने यजमान सदर विधायक श्री प्रकाश द्विवेदी को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें ऐसे बांदा की सेवा करने का सौभाग्य मिला है, जहां इतनी बड़ी संख्या में वैष्णव और भगवद प्रेमी निवास करते हैं।
खाटू श्याम मंडल के सदस्यों ने उतारी व्यास पीठ की पावन आरती
कथा के चौथे दिन संध्याकालीन सत्र में खाटू श्याम मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सामूहिक रूप से व्यास पीठ की भव्य आरती उतारकर पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। आरती में शामिल होने वालों में सौरभ पाण्डेय, संदीप शुक्ला, पप्पू शिवहरे, अनूप शिवहरे, सुधीर तिवारी, पंकज गुप्ता, डॉ. के.के. गुप्ता, संगीता शिवहरे, प्रीति तिवारी, मन्नू पाण्डेय, अर्पिता गुप्ता, नीरजा शिवहरे, पुनीत गोस्वामी, निधि गोस्वामी, राजेश गुप्ता, रवि शिवहरे, आशू भैया व माता जी प्रमुख रूप से सम्मिलित रहे।
भंडारे की पूड़ी-सब्जी पर फिदा हुए इंद्रेश जी महाराज, बोले “आधे बांदा का यहीं बन रहा महाप्रसाद”
चतुर्थ दिवस की कथा में पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज ने आयोजन स्थल पर चल रहे विशाल भंडारे की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने बताया कि तीसरे दिन की कथा के उपरांत वे स्वयं भंडारे में पहुंचे और वहां बैठकर पूड़ी-सब्जी का महाप्रसाद ग्रहण किया। हल्के-फुल्के अंदाज में महाराज जी ने कहा कि बांदा आने के लिए शरीर की हर इंद्रिय का कोई आकर्षण होना चाहिए, नेत्रों को चित्रकूट भा गया, मन को ठाकुर जी भा गए, कानों को कथा भा गई और जिह्वा को बांदा के भंडारे की स्वादिष्ट पूड़ी-सब्जी भा गई।
उन्होंने हंसते हुए बताया कि उनका मन था कि वे भी आम श्रद्धालुओं की तरह कतार में लगकर प्रसाद पाएं, लेकिन व्यवस्थापकों ने उन्हें रोकते हुए कहा कि ऐसा होने पर भीड़ के उत्साह में न पूड़ी बचेगी और न सब्जी। महाराज जी ने अनुमान जताया कि इन दिनों बांदा के 50 से 60 प्रतिशत लोग शाम को यहीं महाप्रसाद ग्रहण कर रहे हैं और इसे छोड़ना भी नहीं चाहिए। उन्होंने दिन-रात भोजन निर्माण व वितरण में जुटे सेवादारों के परिश्रम को सराहते हुए कहा कि उन्हें वहां प्रसाद पाते देख सभी सेवादार भी अत्यंत प्रसन्न हुए।
भंडारा सेवा में जुटे समर्पित कार्यकर्ता: इस विशाल भंडारे की व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में द्वारका सोनी, महाराज नारायण द्विवेदी, आनंद बाजपेई, लाला महाराज, मनोज जैन, पंडित धर्मेंद्र त्रिपाठी, बड़कू अवस्थी और सुधीर विश्वकर्मा अपने सहयोगियों के साथ पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं।
चित्रकूट के टाटी घाट को न बनाएं पिकनिक स्पॉट, बुंदेलखंड ने दिया ब्रज को वृंदावन रस
प्रातःकाल चित्रकूट धाम की यात्रा का अनुभव साझा करते हुए पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज ने भगवान कामतानाथ जी को वृंदावन के श्री गिरिराज जी का बड़ा भाई बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रफल में 21 किलोमीटर के गिरिराज जी बड़े हैं, जबकि ऊंचाई में श्री कामतानाथ जी बड़े हैं। कामतानाथ जी के दर्शन के बाद महाराज जी संतों का सानिध्य लेने टाटी घाट पहुंचे।
तपस्वी संतों की एकांत साधना का रखें सम्मान: महाराज जी ने गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि शहरी भीड़ बढ़ने के कारण आज प्रयागराज, अयोध्या, वृंदावन, द्वारिका और जगन्नाथ पुरी जैसे धामों में तपस्वी संतों के दर्शन दुर्लभ हो गए हैं। यह बुंदेलखंड का परम सौभाग्य है कि चित्रकूट में आज भी तपस्वी संत साधना कर रहे हैं, जिसका अर्थ है कि प्रभु श्रीराम आज भी वहां दर्शन देने आते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि टाटी घाट को पिकनिक स्पॉट न बनाएं, वहां भीड़ न लगाएं और न ही वहां के वीडियो वायरल करें। जाना हो तो अकेले और केवल संतों की सेवा के भाव से जाएं।
ब्रज और बुंदेलखंड का आध्यात्मिक रिश्ता: श्रीनाथ जी के प्राकट्य और राधा-कृष्ण के चिन्मय स्वरूप की व्याख्या करते हुए महाराज जी ने बताया कि ब्रज की परंपरा में श्रीनाथ का अर्थ है, श्री (राधा) जिनकी नाथ अर्थात स्वामिनी हैं। उन्होंने बुंदेलखंड के गौरव का बखान करते हुए कहा कि ओरछा के महापुरुष श्री हरिराम व्यास जी और बांके बिहारी जी को प्रकट करने वाली स्वामी हरिदास परंपरा के आधे से अधिक प्राचीन महापुरुष बुंदेलखंड की ही भूमि से वृंदावन गए थे। वृंदावन रस को जितना बुंदेलखंड के संतों ने गाया है, उतना किसी ने नहीं गाया। इसके बाद उन्होंने हरिराम व्यास जी का प्रसिद्ध पद, “हमारे माई श्यामा जू को राज, जाके अधीन सदा ही सांवरो…” सस्वर सुनाया।
जब सूरदास ने दिया नेत्रहीनता का अनूठा उत्तर, हनुमान चालीसा पर गूंजे ठहाके
सूरदास जी का दिव्य तर्क: महाराज जी ने बताया कि जब किसी ने सूरदास जी से पूछा कि जिस ईश्वर ने आपको आंखें नहीं दीं, आप उसी का यश क्यों गाते हैं, तो सूरदास जी ने भावुक उत्तर दिया, “तुम्हें नेत्र देकर भगवान ने कह दिया कि गड्ढा आए तो खुद संभलकर चलना। मुझे नेत्र न देकर ठाकुर जी ने कहा है कि गड्ढा आएगा तो तू मत संभलना, तेरी उंगली थामकर मैं खुद ले चलूंगा।” महाराज जी ने कहा कि वास्तव में अंधे सूरदास जी नहीं बल्कि हम हैं, जो संसार में सब कुछ देख लेते हैं पर जिसे देखना चाहिए उसे नहीं देख पाते। इसी भाव पर उन्होंने “हरि मैं नैनहीन तुम नैना, थाम उंगरिया जौन डगरिया ले चालो तुम जाना…” और “हरि तुम ही अंधे की लकुटिया, तुम ही जिया को चैना…” पद गाकर पूरे पंडाल को भावविभोर कर दिया।
गोवर्धन में कान्हा की सेवा और श्रीनाथ जी: महाराज जी ने बताया कि गिरिराज जी की तलहटी में रहते हुए एक कान्हा नामक ब्रजवासी बालक सूरदास जी की सेवा करता था। एक दिन वह जल रखना भूलकर बाहर खेलने चला गया और भोजन के समय गले में कौर अटकने पर सूरदास जी ने अत्यंत व्याकुल भाव से कान्हा को पुकारा।
हनुमान चालीसा पर गुदगुदाने वाला प्रसंग: स्वार्थी अर्जियों पर चुटकी लेते हुए महाराज जी ने बताया कि कई लोग बड़ी तेजी से हनुमान चालीसा पढ़ते हैं और पल्ली गली वाली से विवाह कराने की अर्जी लगाते हैं। हनुमान जी जानते हुए भी कि वह जीवन बर्बाद कर देगी, उनकी जिद मान लेते हैं। दो-चार साल बाद वही व्यक्ति फिर तेजी से चालीसा पढ़कर गुहार लगाता है कि हे नाथ, इसकी बुद्धि सुधारो, इसने सब बर्बाद कर दिया।
बंगाल के नामाचार्य हरिदास ठाकुर: संकीर्तन के दौरान महाराज जी ने बंगाल के महान वैष्णव संत नामाचार्य हरिदास ठाकुर का प्रसंग सुनाया। मुस्लिम परिवार में जन्म लेने के बाद ठाकुर जी की कृपा से वे परम वैष्णव बने और बहुत ऊंचे स्वर में कीर्तन करते थे। जब पड़ोसियों ने धीमे भजन करने को कहा, तो उन्होंने उत्तर दिया, “धीरे कीर्तन करूंगा तो केवल मेरा कल्याण होगा, लेकिन जोर से गाऊंगा तो जो भी सुनेगा, सबका कल्याण होगा।” इसके बाद पूरे पंडाल ने भुजाएं उठाकर “भज मन प्यारे राधे गोविंद…” और “राधे-राधे” का गगनभेदी संकीर्तन किया।
कथा पंडाल है साक्षात देवालय, जूता-चप्पल पहनकर न आएं श्रद्धालु
व्यास पीठ से पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज ने कथा की मर्यादा और अनुशासन को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने बताया कि एक दिन पूर्व के वीडियो में उन्होंने देखा कि आगे बैठने वाले किसी व्यक्ति ने जूता पहन रखा था। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से विनम्र आग्रह किया कि कथा पंडाल भी मंदिर की तरह साक्षात देवालय है, जहां भागवत और रामचरितमानस के रूप में भगवान विराजमान रहते हैं। अतः चोरी के डर से जूता-चप्पल पहनकर अंदर न आएं, बल्कि उन्हें घर या गाड़ी में ही छोड़कर आएं। उन्होंने दोपहर 12 से 1 बजे के बीच आकर स्थान ग्रहण करने वाले नियमित श्रोताओं की सराहना की और विलंब से आने वालों से पीछे व बाहर व्यवस्थित बैठने का अनुरोध किया।
चतुर्थ दिवस की खास झलकियां व व्यवस्था
श्रोताओं पर मीठा हास्य: महाराज जी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि कथा में कुछ लोग सुनने, कुछ उत्तर पाने, कुछ जिज्ञासा से, कुछ केवल यह देखने कि “क्या बवाल चल रहा है”, कुछ रील व फोटोग्राफी करने और कुछ केवल पूड़ी-सब्जी खाने आ रहे हैं, लेकिन सबका स्वागत है।
ब्रज के जयकारों से गूंजा मैदान: कथा के आरंभ में “लाला के बाबा की”, “लाला की मैया की”, “लाड़ली के लाल की” और “पूंछरी के लौठा की” के साथ बांदावासियों, ब्रजवासियों व चित्रकूटवासियों के जयकारों से पूरा कॉलेज मैदान गूंज उठा।
कथा व्यवस्था में इनका रहा विशेष योगदान: चौथे दिन उमड़ी अपार भीड़ के बीच कथा पंडाल व अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में पंकज रैकवार, राजेश गुप्ता, रोहित नंदन, रोहित त्रिपाठी, मनीष तिवारी, उपवेश पटेल, विमल मिश्रा, वीरेंद्र सिंह और राहुल द्विवेदी ‘भाऊ’ ने सक्रिय भूमिका निभाई।
चतुर्थ दिवस की अमृतवाणी
“प्रभु से शिकायत करना बंद कर दें; जो हो रहा है, उसमें ठाकुर जी की कृपा मानकर जीना शुरू करें तो वे कभी आपका अनहित नहीं होने देंगे।”
“लक्ष्मी का स्मरण करने वाला रावण कहलाता है, इसलिए धन-संपदा के बजाय प्रतिदिन हर क्षण राम का स्मरण करें।”
“प्रेम का अर्थ है कि आपके पास हर सवाल का ऐसा समर्पित उत्तर हो कि सामने वाला फिर प्रश्न न कर सके।”
“सच्ची भलाई बड़े मकान या संपत्ति में नहीं, बल्कि इसमें है कि एक पल के लिए भी मन से हरि का स्मरण न जाए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *