शिव शर्मा की रिपोर्ट
*सूरजपुर/ प्रेमनगर:-* भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटेया, विकासखंड प्रेमनगर में विविध रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसएमडीसी अध्यक्ष ईश्वर सिरदार, अध्यक्षता प्राचार्य लिनू मिंज ने किया। विशिष्ट अतिथि सरपंच ग्राम पंचायत कोटेया फूलमती सिरदार, आला दास, दिलबर सिरदार, बनकेश्वर, मुनेश्वर, बसंती, मलिन्दर सिरदार, जगानो, गणेश्वरी, भीषम, देशकुंवर, मनमाती, चित्रवती, रजनी, कृष्णा बाई, तपन कुमार, सोनामती, सिंगारों देवी, देशकुंवर रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमा में धूप बत्ती व माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए रंगोली, चित्रकला, निबंध एवं मेहंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी कला, रचनात्मकता एवं प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता तथा आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई। पालकों से बच्चों की पढ़ाई के प्रति विशेष ध्यान देने तथा विद्यालय एवं परिवार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की अपील की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्य लीनू मिंज ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग, साहस एवं समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे सशक्त माध्यम है।
संकुल समन्वयक शांतनु पांडेय ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रधान पाठक रमेश साहू ने पालकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा विद्यालय की गतिविधियों में सहयोग करने का आह्वान किया।
व्याख्याता प्रदीप दास ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी भावना के साथ पढ़ाई करने एवं अपनी प्रतिभा को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से निखारने की बात कही। इसी क्रम में व्याख्याता कृष्ण कुमार ध्रुव ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, आदिवासी समाज के स्वाभिमान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा तथा सामाजिक जागरूकता के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने, अपनी संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा करने और शिक्षा के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में विद्यालय व्याख्याता जमुना राम राजवाड़े, कपिल राजवाड़े, रमेश साहू, प्रदीप रॉय, गोपाल प्रसाद मैत्री, सुश्री रीता बर्मन, प्रदीप मरावी, जितेन्द्र गबेल, देवानंद भारद्वाज, रवींद्र कंवर, विशाल साव, मसत राम, विनोद कैवर्त, चक्रपाणि प्रसाद, उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए सामूहिक प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन विद्यालय के व्याख्याता एवं स्काउट रोवर लीडर कृष्ण कुमार ध्रुव ने किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में महापुरुषों के आदर्शों, जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक चेतना, रचनात्मकता एवं शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।