अभिवादन एक्सप्रेस
सनत कुमार बुधौलिया
एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं की जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा करते हुए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समयसीमा में पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि 90 प्रतिशत से अधिक पूर्ण परियोजनाओं को 15 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा कराकर संबंधित विभागों को हस्तांतरित किया जाए, ताकि भवनों एवं परिसंपत्तियों का उपयोग शुरू हो सके और आमजन को लाभ मिले।समीक्षा में डायट जालौन के निर्माण कार्यों की प्रगति 14 प्रतिशत, राजकीय हाईस्कूल खारका के उच्चीकरण कार्य की शून्य तथा मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय की प्रगति 5.5 प्रतिशत पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कम प्रगति वाली परियोजनाओं के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर बाधाओं का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने जल निगम नगरीय एवं ग्रामीण की परियोजनाओं में आ रही समस्याओं को दूर करने, मरोड़ा स्थित मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय की गुणवत्ता जांच कराने तथा राज्य कर भवन, सद्भाव मंडप और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय को शीघ्र हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। पूर्ण परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास की कार्यवाही भी समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल प्रगति रिपोर्ट पर निर्भर न रहें, बल्कि निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता सुनिश्चित करें। भूमि, बजट अथवा तकनीकी स्वीकृति से जुड़ी बाधाओं का आपसी समन्वय से तत्काल समाधान किया जाए। विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दास्त नहीं होगी और प्रत्येक परियोजना की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एचएन प्रसाद, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमित सक्सेना सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।