अभिवादन एक्सप्रेस
सनत कुमार बुधौलिया
दुर्ग-भिलाई। पिकअप वैन के सिक्रेट चेंबर में 4 करोड़ की रकम रायपुर से नागपुर लेकर जा रहे वाहन को रविवार की रात में दुर्ग पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पकड़कर दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया है । यह पूरा मामला भिलाई खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा का है पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह रकम रायपुर के भनपुरी में जीडी ट्रांसपोर्ट से लोड की गई थी और इसे नागपुर ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि रकम किसी ट्रांसपोर्टर की है जिसका पुलिस यह पता लगा रही है कि पैसा कहां से आया और किस काम के लिए नागपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले की जानकारी आयकर विभाग (आईटी) की टीम को पत्र लिखकर दे दी है। अब आगे की जांच आयकर विभाग करेगा।
दरअसल, खुर्सीपार पुलिस को 25 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी। इसके बाद वाहन जांच के दौरान सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप (सीजी 04 क्यू 5996) को रोका गया। यह रायपुर से नागपुर जा रही थी।
पुलिस ने पिकअप की जांच की तो उसका पिछला हिस्सा बदला हुआ मिला। इसे इस तरह बंद किया गया था कि अंदर रखी चीजें बाहर से दिखाई न दें। बारीकी से तलाशी लेने पर पिछले हिस्से में सीक्रेट चेंबर मिला। इसे खोलने पर अंदर कैश रखा हुआ था। गिनती करने पर कुल 4 करोड़ रुपए मिले। इतनी बड़ी रकम छिपाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गाड़ी में सवार 2 लोगों से पूछताछ
पुलिस के अनुसार, पिकअप में दो लोग सवार थे। उनकी पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। डाभी गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। अब तक यह पता नहीं चला है कि पैसा किसका था और इसे किसके पास ले जाया जा रहा था।
आयकर विभाग को जानकारी भेजने की तैयारी
इसके अलावा पुलिस जांच कर रही है कि नकदी छिपाने के लिए गाड़ी के पिछले हिस्से में सीक्रेट चेंबर कब और किसने बनवाया था। बरामद रकम कहां से आई और उससे जुड़े कौन से दस्तावेज हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। पैसा कहां से आया, इसकी जांच के लिए आयकर विभाग को जानकारी भेजी जा रही है।