* जालौन जिला ब्यूरो चीफ
जनगणना-2027 के दूसरे चरण के अंतर्गत जनपद जालौन में आज से स्व-जनगणना की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। जनगणना कार्य को सरल, सुगम और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी समीर ने स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी स्व-जनगणना की और जनपदवासियों को भी इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-जनगणना के लिए नागरिकों को कहीं जाने की आवश्यकता नहीं है। वे अपने मोबाइल अथवा कंप्यूटर के माध्यम से आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर घर बैठे अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करने पर ओटीपी प्राप्त होगा। ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करने के बाद सरल एवं सहज प्रक्रिया के तहत परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां भरी जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि स्व-जनगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक विशिष्ट आईडी प्राप्त होगी, जिसे नागरिक सुरक्षित रखेंगे। आगामी 01 दिसंबर से जब प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे, तब नागरिक उन्हें अपनी स्व-गणना आईडी दिखा सकते हैं। परिवार के सदस्य इस आईडी को आपस में साझा भी कर सकते हैं, जिससे प्रगणकों को जानकारी का सत्यापन करने में आसानी होगी और दोहरी गणना की संभावना से बचा जा सकेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना में उपलब्ध कराई जाने वाली प्रत्येक जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है तथा इसका उपयोग निर्धारित सांख्यिकीय एवं नीतिगत उद्देश्यों के लिए ही किया जाता है। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं का आधार तैयार करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास सहित जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर नियोजन के लिए प्रत्येक नागरिक की सही और पूर्ण जानकारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी परिवार 16 से 30 नवंबर 2026 के मध्य वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर अपनी स्व-जनगणना अवश्य पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि परिवार का कोई भी सदस्य गणना से छूटने न पाए। बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों सहित परिवार के सभी सदस्यों की सही जानकारी दर्ज करें। स्व-गणना के बाद प्राप्त आईडी को सुरक्षित रखें और प्रगणक के घर आने पर उन्हें उपलब्ध कराएं। उन्होंने जनपदवासियों से अपने आसपास के लोगों को भी स्व-जनगणना के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।