*लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती पर जालौन में गूंजा एकता का संदेश, उत्साह के साथ निकली भव्य ‘रन फॉर यूनिटी’* 

           अभिवादन एक्सप्रेस 

     जिला ब्यूरो चीफ जालौन उरई 

उरई ।     लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस जनपद में पूरे उत्साह, उल्लास और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द का संदेश देने के उद्देश्य से भव्य ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन से सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे तक आयोजित इस दौड़ में युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों, महिलाओं एवं अन्य प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। देशभक्ति के नारों और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के उद्घोष से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी समीर, पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत एवं अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ में शामिल प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ निर्धारित मार्ग तय किया। पुलिस लाइन से शुरू हुई यह दौड़ सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां लौह पुरुष की प्रतिमा पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

जिलाधिकारी समीर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और अदम्य नेतृत्व क्षमता के बल पर देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। आजादी के बाद विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने एक सशक्त और अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके विचार, आदर्श और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का अवसर है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।

पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया, जिसमें जनसामान्य ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता देश की सबसे बड़ी ताकत है। इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के साथ ही देश की आंतरिक सुरक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, डीडीओ निशान्त पाण्डेय आदि अधिकारी व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *