अभिवादन एक्सप्रेस
अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बाँदा। शहर के मर्दन नाका की निवासी डॉ. मंतशा ‘क़ातिब’ को इंटरनेशनल एकेडमी फॉर ह्यूमन एक्सीलेंस (IAHE) की ओर से प्रतिष्ठित ‘ग्लोबल सौहार्द शिरोमणि अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 28 अक्टूबर 2026 को जयपुर, राजस्थान से डिजिटल माध्यम के जरिए प्रदान किया गया। यह सम्मान संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष एंबेसडर डॉ. टीकम सोनी द्वारा प्रदान किया गया।
डॉ. मंतशा ‘क़ातिब’ Dreams of Life Foundation की संस्थापिका अध्यक्ष हैं। साहित्य, शिक्षा और समाजसेवा के प्रति उनका विशेष लगाव रहा है। वह हमेशा से यही प्रयास करती रही हैं कि अपनी छोटी-सी कोशिश से किसी जरूरतमंद के जीवन में कुछ बेहतर बदलाव ला सकें। संस्था के माध्यम से निर्धन एवं वंचित बच्चों की निःशुल्क शिक्षा और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए अब उन्होंने बेज़ुबान जानवरों की सेवा और संरक्षण के लिए भी एक नई पहल की शुरुआत की है। उनका कहना है कि अक्सर हमारी नजरों के सामने भूखे, प्यासे, घायल और बीमार जानवर मदद की उम्मीद में भटकते रहते हैं, लेकिन उनकी तकलीफ़ को समझने और उनकी सहायता के लिए आगे आने वाले लोग बहुत कम होते हैं। इसी दर्द को महसूस करते हुए उन्होंने इस दिशा में कुछ करने का फैसला किया।
इस पहल के तहत केवल सोशल मीडिया पर अपील करना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर लोगों को साथ जोड़कर जरूरतमंद जानवरों तक भोजन, पानी और आवश्यक सहायता पहुँचाने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी कोई जानवर घायल, बीमार, भूखा-प्यासा या बेसहारा दिखाई दे तो तत्काल Dreams of Life Foundation को इसकी जानकारी दें, ताकि मिलकर उसकी मदद की जा सके। इच्छुक लोग स्वयं भी इस सेवा कार्य में शामिल होकर अपना सहयोग दे सकते हैं।
डॉ. मंतशा ने जनपदवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि यह पहल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है। हम अपने हिस्से की थोड़ी-सी कोशिश भी करें तो किसी बेज़ुबान जीव को भूख, प्यास और दर्द से राहत मिल सकती है। हमारा उद्देश्य है कि इंसानियत का दायरा केवल इंसानों तक सीमित न रहे, बल्कि हर उस जीव तक पहुँचे जो अपनी तकलीफ़ बोलकर नहीं बता सकता।
उन्होंने कहा कि इस सम्मान के लिए वह इंटरनेशनल एकेडमी फॉर ह्यूमन एक्सीलेंस की पूरी टीम का दिल से शुक्रिया अदा करती हैं। साथ ही Dreams of Life Foundation की पूरी टीम, सहयोगियों और शुभचिंतकों का भी आभार व्यक्त करती हैं। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिले सम्मान उनके लिए केवल खुशी का विषय नहीं, बल्कि समाज के लिए और अधिक जिम्मेदारी से काम करने की प्रेरणा हैं।