अभिवादन एक्सप्रेस
लखनऊ – उत्तर प्रदेश की राजधानी के विभिन्न आवासीय क्षेत्रों एवं कॉलोनियों में मानकों की अनदेखी कर सड़क व नाली निर्माण और नालियों पर अतिक्रमण से होने वाले जलभराव को लेकर ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। समिति ने निर्माण कार्यों में तकनीकी मानकों के सख्त अनुपालन और अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
महासमिति के महासचिव विवेक शर्मा ने ज्ञापन में कहा कि कई क्षेत्रों में सड़क पुनर्निर्माण से पूर्व पुरानी परत उखाड़ने और मलबा हटाने के बजाय सीधे पुरानी सड़क के ऊपर ही नई परत बिछा दी जाती है। इससे सड़कों का स्तर लगातार ऊंचा हो रहा है, जबकि पहले से बने मकान नीचे होते जा रहे हैं।
ज्ञापन के अनुसार, कई इलाकों में बिना सही ढलान (वॉटर लेवल) के नालियों का निर्माण होने से जल निकासी बाधित होती है और नालियां ओवरफ्लो रहती हैं। वहीं, नालियों के ऊपर पक्के रैंप, स्लैब व सीढ़ियां बनाने से नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। इन कारणों से हल्की बारिश में भी नालियों व सड़कों का गंदा पानी घरों व दुकानों में घुस रहा है, जिससे लोगों को आर्थिक व स्वास्थ्य संबंधी नुकसान उठाना पड़ रहा है तथा दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसके अतिरिक्त सड़कों का डामर भी उधड़ जाता है और सड़क पर गड्ढे हो जाते हैं तथा साथ ही महीन रोड़ी सड़कों पर फ़ैल जाती है जिसके कारण मोटरसाइकिल सवार फिसल कर चोटिल भी हो जाते हैं।
ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा एवं महासचिव विवेक शर्मा ने नगर आयुक्त से मांग की है कि सड़क निर्माण में पुरानी परत व मलबा हटाकर मूल स्तर बनाए रखा जाए, नालियों में सही ढलान सुनिश्चित करते हुए लापरवाह ठेकेदारों व अभियंताओं की जवाबदेही तय की जाए और नालियों व फुटपाथ पर अवैध रैंप व सीढ़ियां हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।