राम-कृष्ण संवाद पुस्तक का विमोचन, अभिनव नाट्य प्रयोग की विद्वानों ने की सराहना

             अभिवादन एक्सप्रेस

लखनऊ – गोमतीनगर स्थित कबीर शांति मिशन के सभागार में मंगलवार को मर्यादा पुरुषोत्तम राम और नट नागर कृष्ण के तुलनात्मक जीवन-वृत्त पर आधारित विनोद कुमार दीक्षित की सद्यः प्रकाशित पुस्तक ‘राम-कृष्ण संवाद’ का विमोचन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी महेश चंद्र द्विवेदी ने की, जबकि संचालन कंचन शुक्ला ने किया।
पुस्तक की भावभूमि पर चर्चा की शुरुआत करते हुए लेखक विनोद कुमार दीक्षित ने बताया कि इस पुस्तक के लेखन के लिए बीस से अधिक संदर्भ ग्रंथों से सामग्री संकलित की गई है। पुस्तक के प्रारंभ में दोनों विभूतियों के संबंध में विशिष्ट जानकारियां देने के साथ ही उनके तुलनात्मक जीवन को नाट्य शैली में प्रस्तुत किया गया है। इस नाटक के पात्र भी स्वयं राम और कृष्ण ही हैं। उन्होंने कहा कि राम और कृष्ण के बीच संवाद को नाट्य शैली में प्रस्तुत करने का प्रयोग अब तक किसी ने नहीं किया है। यह एक नितांत अभिनव प्रयास है।
कार्यक्रम की अति विशिष्ट अतिथि पद्मश्री डॉ. विद्या बिन्दु सिंह ने कहा कि श्री दीक्षित का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। अब देखना यह है कि पाठक इस पुस्तक को किस रूप में स्वीकार करते हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. सुधा मिश्रा और डॉ. सुल्तान शाकिर हाश्मी ने भी श्री दीक्षित के इस अनूठे प्रयास को श्लाघनीय बताते हुए कहा कि इस प्रयोग का नयापन निश्चित रूप से पाठकों को पसंद आएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुंवर वीर सिंह मार्तण्ड ने पुस्तक की विस्तार से समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि पुस्तक में अनेक अछूते बिंदुओं पर तर्कपूर्ण स्पष्टीकरण दिया गया है, जो गहन अध्ययन और अनुसंधान का परिणाम है। दीक्षित जी का यह प्रयोग सराहनीय तो है ही, साथ ही भावी लेखकों के लिए शोध-सामग्री के रूप में भी उपयोगी सिद्ध होगा।


कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं पूर्व डीजीपी महेश चंद्र द्विवेदी ने अपने सारगर्भित संबोधन में कहा कि विषय आसान नहीं था। अनेक विवादित तथ्यों को समेकित कर प्रस्तुत करना अत्यंत दुरूह कार्य था, लेकिन श्री दीक्षित ने बड़ी कुशलता से इन विवादों के बीच जो तादात्म्य स्थापित किया है, वह उनकी अन्वेषणात्मक प्रवृत्ति का परिचायक है। उन्होंने कहा कि श्री दीक्षित ने एक शाश्वत और अभिनव प्रयोग के माध्यम से न केवल साहित्य को समृद्ध किया है, बल्कि एक नई लकीर भी खींची है।
अंत में लेखक विनोद कुमार दीक्षित ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क पुस्तक भेंट की तथा सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *