*योगी सरकार बुंदेलखंड क्षेत्र में उच्च शिक्षा और आवासीय ढांचे को सुदृढ़ करने का कर रही काम* 

 

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा: ।  बुंदेलखंड क्षेत्र में उच्च शिक्षा और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की प्रदेश सरकार की मुहिम के तहत बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को एक नई आवासीय सौगात मिलने जा रही है। विश्वविद्यालय परिसर में बाहर से आकर पढ़ने वाले 200 छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए 100 कमरों के एक नए और छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से दूर-दराज के क्षेत्रों से कृषि शिक्षा ग्रहण करने आने वाले विद्यार्थियों को परिसर में ही सुरक्षित और बेहतर आवास की सुविधा मिल सकेगी।

 

*2.05 करोड़ रुपये किये जा रहे खर्च*

 

परियोजना के अनुसार छात्रावास भवन में आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद द्वारा लगभग 2.05 करोड़ रुपये की लागत से भवन में आंतरिक विद्युतीकरण, परिसर के लिए स्ट्रीट लाइटिंग और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आधुनिक फायर अलार्म सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इसके आलावा छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को निर्बाध और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए परिसर में 150 एमएम डाया का नलकूप लगाया जाएगा जिसमें 2 एचपी का सबमर्सिबल पम्प स्थापित होगा।

 

*बुंदेलखंड में शैक्षणिक संस्थाओं के विस्तार और उनके आधुनिकीकरण पर सरकार दे रही जोर*

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार लगातार बुंदेलखंड में शैक्षणिक संस्थानों के विस्तार और उनके आधुनिकीकरण पर जोर दे रही है। अधिकारीयों व जनप्रतिनिधियों के मुताबिक बुंदेलखंड को शिक्षा और कृषि अनुसंधान का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए आवासीय सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। इस नए छात्रावास के निर्माण से विश्वविद्यालय की आवासीय क्षमता में बड़ी वृद्धि होगी जिससे विद्यार्थियों को बाहर निजी कमरों या किराए के मकानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार सभी तकनीकी स्वीकृतियों और मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसा माना जा रहा हैं कि बेहतर आवासीय और बुनियादी सुविधाओं के मिलने से बुंदेलखंड के युवाओं को उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *