शिव शर्मा की रिपोर्ट
मोहला । संविधान दिवस के अवसर पर आज जिला कार्यालय के सभा कक्ष में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भारतीय संविधान के प्रति अपनी आस्था, निष्ठा एवं सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर सभी ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों के अनुरूप कार्य करने की शपथ ली।
कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर श्री सुमित गर्ग एवं डिप्टी कलेक्टर श्री उत्तम प्रसाद रजक सहित जिला कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण के दौरान सभी ने भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने तथा देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण रखने के संवैधानिक संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल सिद्धांतों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया गया। साथ ही शासकीय सेवाओं के निर्वहन में संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करने, आम नागरिकों के अधिकारों का सम्मान करने तथा निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।