अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित श्रीभक्त चरित्र कथा का गुरुवार को विधिवत आगाज हो गया। प्रख्यात कथा वाचक इंद्रेश जी महाराज ने बांदावासियों की आगाध श्रद्धा की खूब सराहना की और यहां हुईं पिछली कथाओं से जुड़े अपने संस्मरण सुनाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बता दें कि कथा वाचक इंद्रेश जी महाराज बीते 2016 और 2018 में यहां अलग-अलग पंडालों पर कथा रस की अमृतवर्षा कर चुके हैं। उन्होंने पहले दिन रामभक्त माता शबरी की कथा सुनाते हुए उन्हें हरिवल्लभ भक्त की संज्ञा दी। कहा कि माता शबरी की भक्ति के परिश्रम, प्रार्थना और प्रतीक्षा ही मुख्य आधार है। कथा के बीच मधुर भजनों की धुन पर श्रद्धालुओं ने जमकर ठुमके लगाए।
शहर के पं.जेएन डिग्री कालेज मैदान में गुरुवार को पांच दिवसीय श्रीभक्त चरित्र कथा का भक्तिमय शुभारंभ हो गया। व्यास पीठ से प्रख्यात कथा वाचक इंद्रेश जी महाराज ने पहले दिन हरिवल्लभ भक्तों की महिमा का बखान किया और चित्रकूट की पावन धरती का स्मरण करते हुए माता शबरी के चरित्र से कथा का आरंभ किया। गुरुवार को सीधे ब्रजधाम वृंदावन से चलकर कथा पंडाल में पहुंचे प्रख्यात कथा वाचक इंद्रेश जी महाराज ने व्यास पीठ और तुलसी पूजन के साथ कथा की शुरूआत की। वहीं मुख्य संरक्षक सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने अपनी धर्मपत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता द्विवेदी और पुत्र देवांश द्विवेदी देबू, पुत्रवधु डा.जिज्ञासा के साथ व्यास पीठ का पूजन विधिवत पूजन किया और कथा व्यास इंद्रेश जी का माल्यार्पण कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कथा के पहले दिन कथा वाचक इंद्रेश जी ने माता लक्ष्मी, गरुड़, सुनंद आदि पार्षदों के साथ हनुमान जी, जामवंत, सुग्रीव, विभीषण, शबरी, जटायु, ध्रुव, उद्धव, अम्बरीष, विदुर, अक्रूर, सुदामा और पांडवों को हरिवल्लभ भक्तों की श्रेणी में बताया। कहा कि हरिवल्लभ भक्तों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे भगवान के पास नहीं भटकते, बल्कि एक स्थान पर बैठकर की गई उनकी अनन्य प्रार्थना से प्रसन्न होकर प्रभु स्वयं चलकर उनके पास आते हैं। हनुमान जी, ऋष्यमूक पर्वत पर सुग्रीव और माता शबरी इसके जीवंत प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि किसी को भी राम या कृष्ण केवल अपने प्रयास से नहीं, बल्कि ठाकुर जी की इच्छा से मिले हैं। हमारा प्रयास एक ‘मिस कॉल’ की तरह है, जो रोज ठाकुर जी के पास जाता है। जब बांदा से निरंतर हजारों मिस कॉल पहुंचते हैं, तब ठाकुर जी स्वयं एक दिन रिटर्न कॉल करके भक्त से मिलने आते हैं। माता शबरी के जीवन से तीन प्रमुख सूत्र निकालते हुए उन्होंने परिश्रम, प्रार्थना और प्रतीक्षा को भक्ति का आधार बताया। उन्होंने कहा कि दस हजार वर्षों की दीर्घ अवधि तक शबरी जी ने प्रभु मिलन का परिश्रम और चारों युगों में अद्वितीय प्रतीक्षा की। श्रीमद्भागवत में यमराज के वचन का संदर्भ देते हुए उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति को दिन में कम से कम तीन बार भगवान का स्मरण अवश्य करना चाहिए। साथ ही 32 नामापराधों की चर्चा करते हुए सचेत किया कि आज जितना स्मरण किया जाए, कल उससे कम न हो, बल्कि भक्ति का यह क्रम प्रतिदिन बढ़ना चाहिए। कथा के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा आदि ने पंडाल पहुंचकर व्यास पीठ का आशीर्वाद प्राप्त किया और कथा श्रवण किया।
इनसेट
“को उदार जग माहीं…’ भजन पर भक्तिमय हुआ कथा पंडाल
पं.जे.एन. कॉलेज मैदान में सजा भव्य कथा पंडाल पहले ही दिन आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। जब कथा वाचक इंद्रेश जी ने बांदावासियों की ओर से ठाकुर जी को बांदा आने का भावपूर्ण आमंत्रण दिया, तो पंडाल में मौजूद श्रोताओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ उसका स्वागत किया। कथा के दौरान इंद्रेश जी ने गोस्वामी तुलसीदास जी की ‘विनय पत्रिका’ का प्रसिद्ध पद “को उदार जग माहीं, बिन सेवा जो द्रवै दीन पर, राम सरिस कोउ नाहीं” गाया और श्रोताओं से सामूहिक गायन कराया तो श्रोताओं ने भी पूरी तन्मयता से स्वर मिलाया। वहीं “अगर उनसे मिलने की दिल में तमन्ना, तो करते रहो यतन धीरे-धीरे…’ भजन पर भी श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते दिखाई दिए।
इनसेट
आयोजन की कमान संभाल रहीं 22 समितियां
संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के प्रमुख संरक्षक राजकुमार शिवहरे और अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी ‘जीतू’ के मार्गदर्शन में पांच दिवसीय भव्य आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए 22 समितियों के प्रमुख दिन-रात जुटे हुए हैं। समितओं में स्वागत व्यवस्था सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, मंच उद्घोषक व्यवस्था डॉ.धर्मेन्द्र त्रिपाठी, पेयजल संतोष राजपूत, आर्थिक प्रबंधन मनोज जैन, प्रसार-कार्ड व अक्षत अशोक गुप्ता “कल्पना”, मीडिया व्यवस्था सी.पी. तिवारी, पुलिस व प्रशासन समन्वय राजकुमार राज, अनुशासन व्यवस्था मेजर मिथिलेश पाण्डेय, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सचिन मिश्रा, महिला बैठक व्यवस्था (पंडाल) श्रीमती रीता गुप्ता और सफाई व पंडाल व्यवस्था अंकित बासू संभाल रहे हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य व्यवस्था डॉ.मनोज शिवहरे, कलश यात्रा अमित सेठ ‘भोलू’, सुरक्षा व्यवस्था स्वर्ण सिंह ‘सोनू’, प्रसाद व भंडारा वितरण आनंद बाजपेई, आवास नवनीत त्रिवेदी ‘देशू’, सूचना संपर्क देवेन्द्र सिंह, प्रचार वाहन प्रकाश तिवारी ‘नीलू’, वाहन पार्किंग पंकज रैकवार, भंडारा निर्माण द्वारिका सोनी, भंडार गृह राकेश बाजपेई और प्रवेशिका पास वितरण व जांच व्यवस्था का दायित्व धीरेन्द्र सिंह गौतम धीरू निभा रहे हैं।
प्रख्यात कथा वाचक इंद्रेश जी महाराज ने सुनाई श्रीरामभक्त माता शबरी की कथा*