*सिलेंडर ब्लास्ट हादसे के पीड़ित परिवार से मिले कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, हर संभव मदद का दिया भरोसा*

    सनत कुमार बुधौलिया  //  विनोद मिश्रा   उरई

उरई।।उरई में हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट हादसे के बाद पीड़ित परिवार को संबल देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह उनके आवास पहुंचे। उन्होंने सभासद माता प्रसाद के आवास पर पहुंचकर हादसे में घायल हुए लोगों के परिजनों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने परिजनों से हादसे के संबंध में जानकारी लेते हुए घायलों के उपचार एवं स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
कैबिनेट मंत्री ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लगातार घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की निगरानी कर रहा है। सरकार की ओर से घायलों को बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने कहा कि पीड़ितों की मदद और उनके समुचित उपचार को सरकार प्राथमिकता दे रही है। प्रशासन को भी आवश्यक सहयोग एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में सरकार हर स्तर पर उनके साथ है और घायलों के उपचार से लेकर परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तक पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *