सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान: सेंट जॉर्ज स्कूल में एएसपी शिवराज ने विद्यार्थियों को दिए सुरक्षित भविष्य के मंत्र*

Blog

 

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

   अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा, । सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत सोमवार को सेंट जॉर्ज स्कूल एवं कॉलेज, बांदा में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी और कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम के साथ सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में मंडलीय समन्वयक एवं मास्टर ट्रेनर डॉ. पीयूष मिश्रा, यातायात प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह, समाजसेवी एवं जिला सड़क सुरक्षा समन्वयक समिति के सदस्य सुनील सक्सेना, प्रधानाचार्य अल्बर्ट रस्किन, अजीत सर, पुलकित सर, आर.बी. सर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

डॉ. पीयूष मिश्रा ने विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए सदैव आगे आने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि जरूरतमंद की मदद करे। साथ ही उन्होंने नाबालिग छात्र-छात्राओं को वाहन चलाकर विद्यालय परिसर में प्रवेश न करने की सख्त हिदायत देते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का आह्वान किया।

यातायात प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और यातायात संकेतों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। समाजसेवी सुनील सक्सेना ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करके ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने सड़क सुरक्षा विषय पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए उत्कृष्ट पोस्टरों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किए जाने की घोषणा की। इस घोषणा से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. पीयूष मिश्रा ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं उपस्थित जनों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। विद्यालय परिवार ने सुरक्षित यातायात और सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *