– समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एवं कृषक उन्नति योजना से किसानों के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव*

 

 शिव शर्मा की रिपोर्ट

राजनांदगांव । खेतों में दिन-रात मेहनत कर फसल उगाने वाले किसानों के लिए अपनी उपज का उचित मूल्य मिलना किसी बड़ी खुशी से कम नहीं होता। किसान की मेहनत का सम्मान और उसके परिवार की खुशहाली तब और बढ़ जाती है, जब शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ उसे सहजता से मिलता है। ऐसी ही कहानी राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम उपरवाह के किसान श्री भागवत साहू की है, जो अपने पुत्र श्री रिकेश साहू के साथ धान उपार्जन केन्द्र उपरवाह में अपनी मेहनत से उगाए गए लगभग 31 क्विंटल धान का विक्रय करने पहुंचे थे। किसान श्री भागवत साहू के पुत्र श्री रिकेश साहू ने बताया कि उनके परिवार के पास डेढ़ एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें वे खेती-किसानी करते हैं। उन्होंने बताया कि मोबाईल के माध्यम से धान विक्रय के लिए आसानी से ऑनलाईन टोकन प्राप्त हो गया। शासन द्वारा धान उपार्जन केन्द्र उपरवाह में धान विक्रय के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है। किसानों को अपनी उपज का विक्रय करने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। ऑनलाईन टोकन की सुविधा से किसानों के समय की बचत हो रही है तथा धान विक्रय की प्रक्रिया सहज एवं सरल हो गई है।
श्री रिकेश साहू ने बताया कि पिछले वर्ष समर्थन मूल्य पर धान विक्रय एवं कृषक उन्नति योजना अंतर्गत प्राप्त राशि का उपयोग कृषि कार्यों में किया है। शासन से मिल रही आर्थिक सहायता किसानों के लिए खेती-किसानी को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण आधार बन रही है। कृषि कार्यों में राशि का पुनर्निवेश करने से किसानों को आगामी फसल की तैयारी करने में सहूलियत मिल रही है। सीमित कृषि भूमि वाले किसानों के लिए शासन की योजनाओं से मिलने वाली आर्थिक सहायता विशेष महत्व रखती है। राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एवं कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इन योजनाओं से किसानों को अपनी मेहनत का उचित प्रतिफल मिलने के साथ ही खेती-किसानी के प्रति उनका उत्साह बढ़ रहा है। किसान श्री भागवत साहू एवं उनके पुत्र श्री रिकेश साहू ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एवं कृषक उन्नति योजना के माध्यम से मिल रही आर्थिक सहायता के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *