पं.जेएन डिग्री कालेज में सजेगा प्रख्यात कथा वाचक इंद्रेश जी महाराज का दरबार

ß

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

 

बांदा। आगामी 26 से 30 नवंबर तक शहर के पं.जेएन डिग्री कालेज में लगने वाले आस्था के महाकुंभ की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और बुधवार को विशाल कलश यात्रा के बीच कार्यक्रम का औपचारिक आगाज भी हो गया है। सनातन संस्कृति को बचाने और आगे बढ़ाने के दृढ़ संकल्प के साथ संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में गुरुवार से कथा पंडाल में भक्ति रस की अमृतवर्षा होगी, जिसमें सराबोर होने के लिए लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। प्रख्यात कथा वाचक पं.इंद्रेश जी महाराज गुरुवार को यहां पहुंचेंगे और आगामी पांच दिनों तक अपने चिर परिचित अंदाज में लाखों श्रद्धालुओं के बीच श्री भक्त चरित्र कथा का रस प्रवाह करेंगे।
संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित होने वाले आस्था के महाकुंभ में प्रख्यात कथा वाचक इंद्रेश जी महाराज श्रीभक्त चरित्र कथा के माध्यम से लोगों को सनातन संस्कृति से जोड़ने का काम करेंगे, वहीं लाखों श्रद्धालुओं के बीच कथा रस की अमृतवर्षा करके धार्मिक अास्था को बढ़ाने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम के औपचारिक आगाज के रूप में बुधवार को शहर के अलींगज स्थित गणेश भवन रामलीला मैदान से विशाल कलश यात्रा निकाली गई और सनातन संस्कृति के प्रसार का संदेश दिया गया। कलश यात्रा में शामिल हजारों महिला-पुरुष जय श्रीराम अौर जय श्री राधे-कृष्णा के उद्घोष के साथ आगे बढ़ रहे थे। हजारों की संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष पीले वस्त्र धारण करके हाथों में सजे धजे कलश लेकर शोभा यात्रा में शामिल रहे। तमाम श्रद्धालुओं ने डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर जमकर ठुमके लगाए और जयश्रीराम के जय घोष के साथ सनातन संस्कृति का शक्ति प्रदर्शन किया। कलश यात्रा में दर्जनों घोड़े नृत्य करते हुए चल रहे थे, वहीं कई हाथी और ऊंट भी यात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे। वहीं कलश यात्रा में शामिल करीब दर्जनभर से रथों पर जहां संत समुदाय के प्रमुख विराजमान थे, वहीं कई रथों पर भगवान की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कलश यात्रा शहर के गणेश भवन रामलीला से शुरू होकर बाबूलाल चौराहा, कैथी बाजार, चौक बाजार, महेश्वरी देवी मंदिर, रामलीला मैदान, स्टेशन रोड, नया ओवरब्रिज, महाराणा प्रताप चौराहा से होते हुए पं.जेएन डिग्री कालेज मैदान में स्थित कथा पंडाल में विशाल भंडारे के साथ समाप्त हुई। शोभा यात्रा के दौरान समूचे शहर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा और ऐसा लगा मानों पूरे जिले के सनातनी भक्त एक साथ सड़कों पर उतर आए हों। शोभायात्रा की अगुवाई करते हुए सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत आदि ने सभी सनातन प्रेमियों को पं.जेएन डिग्री कालेज स्थित कथा पंडाल पर पहुंचकर श्री भक्त चरित्र कथा का रसपान करने के लिए आमंत्रित किया है। इसके पहले बीते एक माह से कथा आयोजन समिित के संयोजक सदर विधायक श्री द्विवेदी अपने समर्थकों के साथ गांव-गांव, गली-गली घूमकर लोगों को अक्षत बांटते हुए कथा श्रवण का आमंत्रण दे रहे थे। एक अनुमान के अनुसार इंद्रेश जी महाराज की कथा सुनने के लिए आसपास के क्षेत्रों के साथ ही पड़ोसी राज्यों के लाखों श्रद्धालु श्रोताओं के यहां पहुंचने की उम्मीद है।
इनसेट
जगह-जगह किया गया कलश यात्रा का स्वागत
संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित होने वाली श्रीभक्त चरित्र कथा के पूर्व कलश यात्रा में जहां समूचे जनपद का जन सैलाब उमड़ पड़ा। वहीं अायोजन के मुख्य संयोजक और सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कलश यात्रा में शामिल होकर राम भक्तों का उत्साहवर्धन किया और सनातन संस्कृति से जुड़ने का आह्वान किया। कलश यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। विशाल कलश यात्रा में सदर विधायक श्री द्विवेदी समेत विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता द्विवेदी, भाजपा महिला मोर्चा क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य डा.जिज्ञासा, ब्लाक प्रमुख बड़ोखर स्वर्ण सिंह सोनू, नगर पालिका बांदा चेयरमैन मालती गुप्ता बासू, अतर्रा चेयरमैन संगीता निराला, पूर्व चेयरमैन राजकुमार राज, विधायक प्रतिनिध रजत सेठ, चेयरमैन प्रतिनिधि अंकित बासू समेत हजारों की संख्या में श्रद्धालु महिला पुरुष उमड़ पड़े। कथा आयोजक प्रकाश द्विवेदी ने कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को कथा श्रवण के लिए पहुंुचने का आह्वान किया।
इनसेट
आकर्षण का केंद्र रहीं देवी-देवताओं की मोहक झांकियां
कलशयात्रा के दौरान सिर पर कलश रखे महिलाओं की टोलियां और करीब दर्जनभर से अधिक रथों पर सवार देवी-देवताओं की मोहक झांकियां श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। वहीं कई रथों पर विभिन्न अखाड़ों और आश्रमों के महंत विराजमान रहे। लोगों रथ पर निकली महंतों की सवारी का भी स्वागत किया और उन्हें फूल माला पहनाकर स्वागत किया। कलश यात्रा में मां काली, भगवान राधा-कृष्ण, भगवान श्रीराम-सीता, मां सरस्वती आदि देवी-देवताओं से जुड़ी विभिन्न आकर्षक झांकियांे को देखकर लागों ने पूर्जा अर्चना और आरती की और जगह-जगह प्रसाद वितरण किया। कलश यात्रा में शामिल झांकियां सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का सुंदर चित्रण प्रस्तुत कर रही थीं। कलश यात्रा का उद्देश्य श्रीभक्त चरित्र कथा के लिए आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करना बताया गया है। कलश यात्रा के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन के लिए प्रशासन एवं स्वयंसेवकों की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *