शिव शर्मा की रिपोर्ट
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए GST अधिकारी अंचला गिरी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पकड़े जाने का अंदेशा होते ही अधिकारी ने रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी, लेकिन ACB की टीम ने तत्परता दिखाते हुए नोटों को बरामद कर लिया।
मामले के अनुसार, एक स्क्रैप कारोबारी के वाहन को रोकने और कथित तौर पर जुर्माने की धमकी देकर रिश्वत मांगने का आरोप सामने आया था। कारोबारी ने इस मामले की शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से की, जिसके बाद शिकायत का सत्यापन कर टीम ने रिश्वत लेते पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
बताया जा रहा है कि रिश्वत की रकम 1 लाख 50 हजार रुपये तय हुई थी। जैसे ही लेन-देन हुआ, ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए GST अधिकारी अंचला गिरी और उनके सहयोगी इमरान मेमन को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान अंचला गिरी ने कथित तौर पर रिश्वत के नोट नाली में फेंक दिए, लेकिन ACB टीम ने रकम बरामद कर ली। दोनों को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सरकारी पद पर बैठकर जनता और व्यापारियों को नियम-कानून का भय दिखाने के बजाय यदि कोई अधिकारी खुद रिश्वतखोरी में संलिप्त पाया जाता है, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था और ईमानदार अधिकारियों की छवि पर भी सवाल खड़ा करता है। ACB की इस कार्रवाई ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जा सकती है।