चित्रकूट में दिव्यांगों के हुनर को पंख लगाएगी योगी सरकार, सजेगा भव्य दीपावली मेला*

          अभिवादन एक्सप्रेस 

               अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

*चित्रकूट:।     * सीएम योगी के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के हर तबके को सशक्त और स्वावलंबी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में योगी सरकार ने भगवान श्रीराम की तपोस्थली व भगवान कामतानाथ की पावन धरा चित्रकूट के दिव्यांगजनों को दीपावली पर्व पर एक बड़ा और ऐतिहासिक तोहफा दिया है। जनपद के दिव्यांग कलाकारों, शिल्पकारों और हुनरमंदों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने और उनके द्वारा तैयार उत्पादों को एक बड़ा बाजार देने के लिए चित्रकूट में एक भव्य ‘दीपावली मेले’ का आयोजन होने जा रहा है। योगी सरकार की इस पहल से न सिर्फ दिव्यांगजनों के जीवन में खुशियों के दीप जलेंगे बल्कि वे आर्थिक रूप से भी आत्मनिर्भर बन सकेंगे।

*दिव्यांग बच्चों और युवाओं की छिपी हुई सांस्कृतिक प्रतिभा को मिलेगी पहचान*

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रजनीश कुमार पाण्डेय ने बताया कि शासी निकाय की बैठक में उच्च स्तर पर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है कि गत वर्ष की सफलता की भांति इस वर्ष भी दीपावली के पावन अवसर पर विशेष मेले का आयोजन किया जाए। इस अनूठे दीपावली मेले में दिव्यांगजनों द्वारा विशेष रूप से तैयार किए गए चित्रों, हस्तकला, मोमबत्ती, दीये और अन्य गृह-उपयोगी उत्पादों को प्रदर्शित और विक्रय किया जाएगा। इसके साथ ही मेले के मंच पर विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। जिससे दिव्यांग बच्चों और युवाओं की छिपी हुई सांस्कृतिक प्रतिभा को एक नया आयाम और पहचान मिल सकेगी।

योगी सरकार ने इस आयोजन को पूरी गरिमा और विशाल स्तर पर कराने के लिए जनपद स्तर पर 2 लाख रुपए की विशेष वित्तीय सहायता मंजूर की है। सरकार की इस मंशा को धरातल पर उतारने के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी रजनीश कुमार पांडेय ने बताया कि मेले के संचालन के लिए इच्छुक व्यक्तियों और स्वैच्छिक संस्थाओं से विधिवत प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक संस्थाएं अपना विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर कार्यालय में जमा करा सकती हैं ताकि उन्हें नियमानुसार निदेशालय, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश को स्वीकृति के लिए प्रेषित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *