सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट
‘ उरई। सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा से देश सेवा’ के अंतर्गत जनपद में जनसेवा, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आज ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। विकास भवन परिसर से मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह ने सेवा ज्योति यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
विकास भवन से प्रारंभ हुई सेवा ज्योति यात्रा जिला परिषद, अंबेडकर चौराहा एवं शहीद भगत सिंह चौराहा होते हुए टाउन हॉल पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता, सामाजिक जिम्मेदारी और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया।
टाउन हॉल में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को सेवा भावना के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सेवा केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही वास्तविक जनसेवा है। उन्होंने सभी से अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से जनपदवासियों को यह संदेश दिया गया कि समाज के प्रत्येक वर्ग के सहयोग और सहभागिता से जनकल्याण एवं विकास के संकल्प को और अधिक मजबूत किया जा सकता है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस यात्रा ने जनसेवा को प्राथमिकता देने और समाज के प्रति जिम्मेदार भूमिका निभाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, जिला विकास अधिकारी निशांत पाण्डेय आदि मौजूद रहे।