रिपोर्ट: राघवेन्द्र शर्मा, ब्यूरो चीफ अभिवादन एक्सप्रे
उरई (जालौन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर बुधवार को उरई में सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सिटी सेंटर से अंबेडकर चौराहे तक निकाले गए जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर अपना विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक पुतला फूंकने का प्रयास किया। पुलिस ने पुतला छीनकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, जिसके चलते मौके पर पुलिस और सपाइयों के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बन गई।
हंगामे के बीच कार्यकर्ता पुतले को अपनी ओर खींचते रहे और पुलिस उसे कब्जे में लेने का प्रयास करती रही। इसी दौरान शहर कोतवाल भी कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच पुतला छुड़ाने की जद्दोजहद में फंसे नजर आए। काफी देर तक मौके पर खींचतान और नारेबाजी चलती रही।
सपाइयों ने “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” समेत कई नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए और मुख्य चुनाव आयुक्त को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है जब देशभर में विपक्षी दलों द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। 6 अक्टूबर को दिल्ली में भी विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग तक मार्च कर उनके इस्तीफे की मांग उठाई थी।
उरई में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई धक्कामुक्की ने पूरे घटनाक्रम को और गरमा दिया। स्थानीय स्तर पर इस प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो भी चर्चा में हैं। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार उरई में सपा कार्यकर्ताओं ने इससे पहले भी अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया था।
रिपोर्ट: राघवेन्द्र शर्मा, ब्यूरो चीफ जालौन