शिव शर्मा की रिपोर्ट
*
राजनांदगांव । कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देश पर जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे एवं अनधिकृत निर्माण के विरूद्ध राजस्व विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजनांदगांव विकासखंड अंतर्गत मनगटा वन चेतना केन्द्र से लगे ग्राम झुराडबरी में शासकीय पहाड़ी भूमि एवं नाले पर अवैध रूप से बनाए गए मार्ग के विरूद्ध प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई। राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी एवं भारी मशीनरी की सहायता से दोबारा बनाए गए अवैध कच्चे मार्ग की जगह-जगह गहरी खुदाई कर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया। कार्रवाई के तहत सड़क के बीच विभिन्न स्थानों पर गहरी खुदाई की गई, जिससे इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है।
उल्लेखनीय है कि शासकीय भूमि खसरा नंबर 672 पहाड़/चट्टान मद में दर्ज है, जिसका कुल रकबा 13.354 हेक्टेयर है। इसके साथ ही खसरा नंबर 563/1, 563/2 एवं 563/3 के सामने स्थित शासकीय नाले पर दोबारा कच्चा मार्ग तैयार किया गया था। प्रशासन द्वारा जेसीबी की सहायता से उक्त अवैध मार्ग की जगह-जगह गहरी खुदाई कर इसे आवागमन के लिए अवरुद्ध कर दिया गया।