कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने जगदलपुर में आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर का किया अवलोकन*

    शिव शर्मा की रिपोर्ट

*जगदलपुर, ।      बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर स्थित क्रीड़ा परिसर में 5 अक्टूबर से आरंभ हुए भगवान महावीर विकलांग सेवा समिति के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय विशाल निःशुल्क दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर का संभाग आयुक्त श्री डोमन सिंह ने मंगलवार को औचक अवलोकन किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री तन्मय खन्ना और अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री बीरेन्द्र बहादुर भी मौजूद थे। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य संभाग के दूरस्थ अंचलों से आए जरूरतमंद दिव्यांगजनों का समुचित स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराना है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस विशाल निःशुल्क दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को विशेष रूप से कोंडागांव और नारायणपुर जिले से पहुंचे दिव्यांगजनों की जांच, उपचार एवं उपकरण वितरण का कार्य सुचारू रूप से संचालित किया गया। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री सिंह ने विभिन्न सहायता काउंटरों, चिकित्सा परीक्षण कक्षों और उपकरण वितरण दीर्घा का जायजा लेते हुए वहां मौजूद हितग्राहियों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने संबंधित जिलों के समाज कल्याण विभाग के उप संचालकों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में पहुंचे किसी भी दिव्यांगजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक उपकरण मुहैया कराया जाए।

इस अवसर पर कमिश्नर ने भगवान महावीर विकलांग सेवा समिति के पदाधिकारियों से दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण की उपलब्धता एवं आपूर्ति के संबध में चर्चा की। इस दौरान समाज कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती सुचेता लकड़ा सहित नारायणपुर एवं कोण्डागांव जिले के उप संचालक समाज कल्याण और संबंधित विभागों के अधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *