अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
तिंदवारी (बांदा)
बांदा-टांडा नेशनल हाईवे पर ग्राम छापर के पास सोमवार दोपहर करीब 1:50 बजे तेज रफ्तार डस्ट लदे ट्रक ट्रेलर ने सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।फतेहपुर की ओर से बाइक से आ रहे अमित सिंह (20) पुत्र संजय सिंह निवासी गढ़ी 52, मवईया बड़ा डेरा, थाना गाजीपुर, जिला फतेहपुर अपनी मां संगीता सिंह के साथ चिल्ला थाना क्षेत्र के बिछवाही गांव में नाना के पितृ मिलन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान छापर के पास बांदा की ओर से आ रहे अज्ञात डस्ट लदे ट्रक ट्रेलर ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी।हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों व राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिंदवारी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल संगीता सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बांदा रेफर कर दिया गया।मृतक के चचेरे भाई शिवम ने बताया कि अमित दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ट्रक ट्रेलर की पहचान कर जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।