शिव शर्मा की रिपोर्ट
मोहला, । सेवा संकल्प अभियान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। अभियान के तहत जिले में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। किसी को पक्का घर मिला, किसी की आजीविका को संबल मिला, तो किसी परिवार की वर्षों पुरानी जरूरत पूरी हुई। ऐसी ही सेवा की कहानी
अंबागढ़ चौकी विकासखंड अंतर्गत ग्राम कौड़ू टोला निवासी श्री सालिक राम की है, जो अपने तीन सदस्यीय परिवार के साथ जीवन यापन करते हैं। मध्यमवर्गीय परिवार होने के कारण सीमित संसाधनों में परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करना ही उनके लिए बड़ी चुनौती थी। ऐसे में अपने परिवार के लिए एक सुरक्षित और पक्का घर बनाना लंबे समय से उनके लिए एक सपना था।
पहले आवास की स्थिति ऐसी थी कि मौसम बदलते ही परिवार की चिंताएं बढ़ जाती थीं। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने, घर के भीतर नमी और सामान को सुरक्षित रखने की परेशानी बनी रहती थी। तेज बारिश और खराब मौसम के दौरान परिवार को अपने घर की सुरक्षा की चिंता सताती रहती थी। घर की समय-समय पर मरम्मत करवाना भी सीमित आय वाले परिवार के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ था।
सालिक राम के लिए घर सिर्फ रहने की जगह नहीं था, बल्कि परिवार की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा सपना था। मन में इच्छा थी कि परिवार के पास भी ऐसा पक्का आशियाना हो, जहां मौसम की मार की चिंता न हो और परिवार चैन से अपने भविष्य की ओर देख सके।
ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना उनके परिवार के लिए उम्मीद बनकर आई। योजना के अंतर्गत आवास निर्माण के लिए सहायता मिलने से वर्षों से देखा जा रहा पक्के घर का सपना धीरे-धीरे हकीकत में बदलने लगा। घर का निर्माण पूरा होने के साथ ही परिवार की कई पुरानी परेशानियां पीछे छूट गईं।
पक्का आवास मिलने पर श्री सालिक राम ने खुशी व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उनके परिवार का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना पूरा हुआ है। अब उनका परिवार सुरक्षित और पक्के आशियाने में सुकून के साथ जीवन व्यतीत कर रहा है।