परिवहन एवं यातायात विभाग का संयुक्त चेकिंग अभियान, 170 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई*

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा।     उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के निर्देशन में बुधवार को शहर के महाराणा प्रताप चौराहे पर परिवहन एवं यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने सघन वाहन चेकिंग एवं जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 170 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की गई, जबकि 5 वाहनों को सीज किया गया।

चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, ट्रिपल सवारी करने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग न करने तथा काली फिल्म लगी गाड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार करीब 120 दोपहिया वाहनों का बिना हेलमेट एवं ट्रिपल राइडिंग के चलते चालान किया गया, वहीं 50 से अधिक चारपहिया वाहनों का सीट बेल्ट न लगाने और काली फिल्म लगाने के कारण चालान किया गया।

अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, आरटीओ सौरभ सिंह, आरटीओ (प्रवर्तन) उदयवीर सिंह, एआरटीओ श्यामलाल, पीटीओ वीरेंद्र राजभर, पीटीओ चंदन पांडेय तथा यातायात प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने अपनी टीम के साथ किया।

इस दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक किया। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने से ही सुनिश्चित हो सकती है।

अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए परिवहन एवं यातायात विभाग समय-समय पर ऐसे संयुक्त अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नियमों का सख्ती से पालन भी सुनिश्चित कर रहा है। विभाग ने आमजन से अपील की कि सुरक्षित सफर के लिए सभी यातायात नियमों का पालन करें और दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *